23 सितंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Yu Zidi: 13 की उम्र में दुनिया को चौंकाया, यू जिदी ने एशियन गेम्स में लगाई गोल्डन हैट्रिक

Yu Zidi: 13 साल की चीनी तैराक यू जिदी ने एशियन गेम्स में 200 मीटर बटरफ्लाई, 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले और 400 मीटर व्यक्तिगत मेडले में गोल्ड जीतकर गोल्डन हैट्रिक लगाई।
2 min read
Google source verification
Yu Zidi Asian Games Gold hat-trick.

चीन की युवा तैराक यू जिदी। (Photo- X/ @XHSports)

Yu Zidi completes Asian Games: चीन की युवा तैराक यू जिदी ने बुधवार को 400 मीटर व्यक्तिगत मेडले में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उन्होंने यह रेस 4 मिनट 28.56 सेकंड में पूरी की और नया एशियन गेम्स रिकॉर्ड बनाया। यू ने शुरुआत से ही बढ़त बना ली थी और रेस के दौरान उन्हें गंभीर चुनौती नहीं मिली।

यू ने एशियन गेम्स में अपनी तीनों व्यक्तिगत स्पर्धाओं में गोल्ड मेडल जीता है। इससे पहले उन्होंने 200 मीटर बटरफ्लाई और 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले में भी गोल्ड मेडल हासिल किया था। इन दोनों स्पर्धाओं में भी उन्होंने गेम्स रिकॉर्ड कायम किए। 400 मीटर मेडले में उनका समय पुराने रिकॉर्ड 4:33.66 से लगभग पांच सेकंड तेज रहा। यह रिकॉर्ड चीन की तैराक ये शिवेन ने 2014 में बनाया था।

12 साल की उम्र में भी रचा था इतिहास

यू जिदी पिछले साल ही विश्व तैराकी में सुर्खियों में आ गई थीं। महज 12 साल की उम्र में वह विश्व एक्वेटिक्स चैंपियनशिप के इतिहास में पदक जीतने वाली सबसे कम उम्र की तैराक बनी थीं। उन्होंने चीन की कांस्य पदक जीतने वाली 4 गुणा 200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले की हीट्स में हिस्सा लिया था। इसके अलावा, वह तीन व्यक्तिगत स्पर्धाओं में चौथे स्थान पर रही थीं।

इस साल मार्च में यू ने अमेरिकी ओलंपिक चैंपियन रेगन स्मिथ को हराकर भी अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। उनके लगातार शानदार प्रदर्शन के बाद 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक को लेकर भी उनकी चर्चा बढ़ी है।

वॉटर पार्क में हुई थी प्रतिभा की पहचान

यू जिदी का तैराकी की दुनिया में आने का सफर भी दिलचस्प है। बताया जाता है कि एक कोच ने उन्हें वॉटर पार्क में तैरते हुए देखा था, जिसके बाद उनके तैराकी करियर की शुरुआत हुई। आज वह चीन में भी एक बड़ी युवा खेल सनसनी बन चुकी हैं। हालांकि, मीडिया इंटरव्यू उन्हें अब भी मुश्किल लगते हैं।

जब उनसे पूछा गया कि क्या इंटरव्यू उनके सफर का सबसे कठिन हिस्सा हैं, तो यू ने हंसते हुए कहा, 'हर बार मेरा बस मन करता है कि मैं कहीं दूर तैरकर चली जाऊं।' महज 13 साल की उम्र में तीन गोल्ड और कई रिकॉर्ड अपने नाम कर यू ज़िदी ने अंतरराष्ट्रीय तैराकी में अपनी अलग पहचान बना ली है।