श्रीगंगानगर में नारकोटिक्स कन्ट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) जोधपुर ने मंगलवार को श्रीगंगानगर के हनुमानगढ बाइपास के पास स्थित आवासीय कॉलोनी के एक फ्लैट में दबिश देकर मेफेड्रोन एमडी ड्रग्स बनाने की लैब पकड़ी। 780 ग्राम एमडी ड्रग्स, विभिन्न रसायन व उपकरण जब्त कर दो शिक्षकों को गिरफ्तार किया गया। जब्त ड्रग्स की कीमत 2.34 करोड़ रुपए आंकी गई है। दोनों शिक्षक दो महीने में 15 करोड़ रुपए की पांच किलो ड्रग्स बना चुके हैं। आश्चर्यजनक रूप से आवासीय क्षेत्र के बीचों-बीच फ्लैट में एमडी ड्रग्स बनाने की प्रयोगशाला चल रही थी, लेकिन स्थानीय पुलिस को भनक तक नहीं लग पाई।