
CG News: सरकार ने तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से बड़ी पहल की है। राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित, रायपुर के अंतर्गत संचालित विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत सुकमा जिले में कुल रू 7,34,500 की छात्रवृत्ति का वितरण किया गया। यह राशि सीधे लाभार्थियों अथवा उनके अभिभावकों के बैंक खातों में अंतरित की गई है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए वन मंडलाधिकारी सुकमा अक्षय भोंसले ने बताया कि मेधावी छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत 46 छात्रों को 1,24,500 रुपए की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है। इसी तरह, प्रतिभाशाली छात्रवृत्ति योजना के तहत 34 छात्रों को 5,70,000 रुपए की राशि प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त व्यवसायिक छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत 6 विद्यार्थियों को कुल 40,000 रुपए की आर्थिक सहायता दी गई।
वनमंडलाधिकारी भोंसले ने बताया कि यह छात्रवृत्ति न केवल बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है, बल्कि वनांचल क्षेत्र के परिवारों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को भी सुदृढ़ बनाती है। उन्होंने कहा कि एक अभिनव पहल के रूप में सभी वनकर्मियों को यह निर्देश दिए गए हैं कि वे तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों को इन योजनाओं की जानकारी दें और सुनिश्चित करें कि प्रत्येक लाभार्थी को उसकी राशि की जानकारी समय पर प्राप्त हो।
CG News: यह पहल जिले के प्रभारी मंत्री एवं वन मंत्री केदार कश्यप तथा प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्रीनिवास राव के मार्गदर्शन में वन विभाग ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास के रूप में की है। वनमंडलाधिकारी ने जंगलों में निवास करने वाले समुदायों से अपील की कि वे तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य में भाग लेकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
Updated on:
20 May 2025 11:46 am
Published on:
20 May 2025 11:46 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
