
2 आरोपी गिरफ्तार (फोटो सोर्स- पत्रिका)
Sukma Congress Office Theft: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में स्थित कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने भवन का ताला तोड़कर एसी समेत कई इलेक्ट्रिकल सामानों पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया।
जानकारी के अनुसार, सर्किट हाउस के पास स्थित राजीव भवन में हुई चोरी की शिकायत कांग्रेस नेता शेख सजार ने सुकमा थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि चोर कार्यालय परिसर से दो एसी, ट्यूबलाइट, पंखे, इलेक्ट्रिक बोर्ड और तांबे के तार चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 1 लाख 7 हजार रुपये आंकी गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी सुकमा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। आसपास के लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों के खिलाफ सबूत मिले थे। जांच के दौरान पुलिस को सम्राटनगर निवासी मोहम्मद अशवाक के इस वारदात में शामिल होने की जानकारी मिली।
हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर मोहम्मद अशवाक ने अपने रिश्ते के भतीजे नाहिद खान के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने नाहिद खान को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) न्यायालय सुकमा में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और चोरी के अन्य सामानों के साथ-साथ किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान बरामद कर लिया है। बरामद सामान में गोदरेज कंपनी के दो एसी (आउटडोर यूनिट सहित), 13 ट्यूबलाइट, एक सीलिंग फैन, छह इलेक्ट्रिक बोर्ड तथा करीब छह किलो तांबे का तार शामिल है।
Updated on:
24 Jun 2026 08:28 pm
Published on:
24 Jun 2026 07:39 pm
बड़ी खबरें
View Allसुकमा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
