
2 young man death in road accident
जरही. सूरजपुर जिले के नगर पंचायत जरही अंतर्गत अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर स्थित मसान नाला के आगे शनिवार की शाम तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार 3 युवक को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, वहीं एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि पंचनामा व पीएम पश्चात दोनों के शवों को अस्पताल भिजवाया। तीनों युवकों की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस उनकी शिनाख्ती के प्रयास में जुटी हुई है।
अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर शनिवार की शाम लगभग 6.30 बजे प्रतापपुर की ओर से जरही की तरफ से सोल्ड बाइक पर सवार होकर 3 युवक आ रहे थे। तीनों सूरजपुर जिले के जरही से लगे मसान नाला के 30 मीटर आगे पहुंचे ही थे कि पानी का जार लोड कर तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक क्रमांक सीजी 15 सीजेड-1077 ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक हवा में उछलते हुए सिर के बल सड़क पर गिर गए। हादसे में गंभीर चोट लगने से 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक को टक्कर मारने के बाद ट्रक भी अनियंत्रित होकर फेंसिंग को तोड़ते हुए सड़क किनारे खेत में उतर गया।
इसके बाद चालक मौके से फरार हो गया। वहां से गुजर रहे राहगीरों द्वारा हादसे की सूचना पर भटगांव पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। वहीं मृतकों के शव को भी पीएम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने आस-पास के लोगों से मृतकों की शिनाख्ती कराने की कोशिश की, लेकिन कोई नहीं बता पाया।
बताया जा रहा है कि ट्रक अंबिकापुर से प्रतापपुर जा रहा था। इसी दौरान उसने युवकों को चपेट में ले लिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है। इधर पुलिस युवकों की शिनाख्ती के प्रयास में लगी हुई है।
Published on:
9 Jun 2018, 9:37 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.