22 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भाजपा संगठन ने विधानसभा टिकट के दावेदारों की कराई अग्नि परीक्षा, दावेदारों में ये नाम दौड़ में आगे

जिला मुख्यालय पहुंचे पर्यवेक्षकों ने कार्यकर्ताओं से की रायशुमारी, कराया गुप्त मतदान, दावेदारों ने कार्यकर्ताओं की खूब की पूछ-परख

2 min read
Google source verification
BJP office Surajpur

BJP office Surajpur

सूरजपुर. कार्यकर्ताओं की कसौटी पर खरा उतारने के लिए भाजपा संगठन ने आज टिकिट के दावेदारों की अग्नि परीक्षा कराई। इसके लिए अग्रोहा भवन में रविवार सुबह से ही गहमा-गहमी का माहौल रहा और टिकिट के दावेदारों ने कार्यकर्ताओं की खूब पूछ परख की। भाजपा के केन्द्रीय संगठन के निर्देश पर प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में इस तरह का कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

इसके तहत आज यहां पार्टी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक सुनील सोनी, अशोक बजाज व पूजा विधानी यहां हेलिकॉप्टर से पहुंचे थे। अग्रोहा भवन में आयोजित इस मतदान कार्यक्रम के पहले जिले के तीनों विधानसभा के लिए कार्यकर्ताओं से रायशुमारी की और कार्यकर्ताओं तथा नेताओं का हालचाल जाना।

भारत माता व पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर दीप प्रज्वलन के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सोनी ने कहा कि पार्टी ने तीन-तीन लोगों की टीम बनाकर प्रदेश के समूचे 90 विधानसभा क्षेत्र के जिलेवार कार्यकर्ताओं के चयन के लिए यह प्रक्रिया अपनाई गई है।

जो दावेदार कार्यकर्ताओं की पसंद का होगा उसे टिकट दिया जाएगा। अपेक्स बैंक के अध्यक्ष अशोक बजाज ने कहा कि कार्यकर्ताओं की पसंद को प्राथमिकता दी जाएगी।

जबकि महिला मोर्चा की अध्यक्ष पूजा विधानी ने कार्यकर्ताओं से पार्टी को जिताने की अपील की। भाजपा जिलाध्यक्ष रामकृपाल साहू ने स्वागत उद्बोधन दिया। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेताओं समेत टिकट के दावेदार व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।


टिकट के दावेदारों के लिए हुआ गुप्त मतदान
स्वागत व उद्बोधन की औपचारिकता के बाद जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्र के लिए उन नामों पर गुप्त मतदान कराया गया जो जिले से टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। बताया गया है कि प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र से सर्वाधिक 117 लोग मतदान के लिए अधिकृत थे। इसमें से 108 कार्यकर्ताओं ने अपनी पसंद के दावेदार का नाम पेटी में बंद कर दिया है।

भटगांव में 100 लोग अधिकृत थे। जिसमें से 93 कार्यकर्ताओं ने अपने मतों का प्रयोग किया है। प्रतापपुर में सबसे कम 71 कार्यकर्ताओं में से मात्र 58 लोगों ने पार्टी को अपनी पसंद से अवगत कराया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक सील बंद यह पेटी दिल्ली में सोमवार को खोली जाएगी और उसके बाद टिकट के नाम का फैसला होगा।


इन दावेदारों के नाम आए सामने
टिकट के लिए यूं तो लंबे समय से दावेदार लॉबिंग कर रहे हैं और पार्टी के इस कार्यक्रम को लेकर सुबह से बेहद गहमा-गहमी रही और टिकट के दावेदार कार्यकर्ताओं की पूछ-परख में लगे रहे। प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र से जिन दावेदारों के नाम सामने आए हैं उनमें रेणुका सिंह, भीमसेन अग्रवाल, रामकृपाल साहू, विजय प्रताप सिंह,

भूलन सिंह मराबी, पुष्पा सिंह, रितेश गुप्ता, बाबूलाल गोयल आदि शामिल हैं। इसी तरह भटगांव से रजनी त्रिपाठी, आरके शुक्ला, अजय गोयल, अनूप सिन्हा, विजय प्रताप सिंह तथा प्रतापपुर से एकमात्र गृहमंत्री रामसेवक पैकरा का नाम सामने आया है।


सामान्य वर्ग के लिए भी उठी मांग
इस कार्यक्रम के तहत पहुंचे भाजपा के पर्यवेक्षकों से प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के कुछ जनप्रतिनिधियों ने मुलाकात कर प्रेमनगर सामान्य सीट से सामान्य वर्ग के लोगों को मौका दिए जाने की मांग रखी है।