सूरजपुर. Buried money: तमाम जागरूकता अभियान के बावजूद तंत्र मंत्र के झांसे में लोग आने से नहीं बच पा रहे है। ओडग़ी ब्लॉक के खोड़ में जमीन में सोने का हंडा गड़ा होने व उसे निकालने के नाम पर 14 लाख रुपए ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने जुर्म दर्ज कर कथित तांत्रिक के कुछ सहयोगियों को हिरासत में लिया है। दरअसल सेंट्रल बैंक में बीसी का काम करने वाले अभिषेक प्रताप सिंह के साथ ठगी हुई है। ठगी (Swindle) का शिकार नगर के कुछ और लोग भी हुए है पर उन्होंने इसकी शिकायत दर्ज नही कराई है। अभिषेक द्वारा कोतवाली थाने में दी गई शिकायत के अनुसार कोरबा के विमल सिंह ठाकुर, नरेश कुमार पटेल, मनोज कुमार, अशोक दास द्वारा तंत्र-मंत्र के माध्यम से जमीन में गड़ा धन निकलवाने हेतु 14 लाख 9 हजार रुपए की धोखाधड़ी की है। इस पर पुलिस ने धारा 417, 420, 34 का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।