
Dead in road accident
सूरजपुर. सूरजपुर-बिश्रामपुर मार्ग पर स्थित साधुराम सेवाकुंज भवन से लगे रिंग रोड के समीप तेज रफ्तार टैंकर ने गुरुवार की रात बाइक सवार 3 दोस्तों को रौंद दिया। हादसे में 2 युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
यहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अंबिकापुर के लिए रेफर कर दिया गया। इधर पुलिस ने टैंकर जब्त कर चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है। युवकों की मौत से उनके परिजन व गांव में मातम पसर गया है।
सूरजपुर जिले के ग्राम गिरिवरगंज, महादेवपारा निवासी संजय राजवाड़े पिता बिसाहु 23 वर्ष, नंदकेश्वर राजवाड़े पिता उजित 23 वर्ष तथा अजय राजवाड़े पिता चंद्रिका प्रसाद 22 वर्ष दोस्त थे। गुरुवार की रात करीब 9.30 बजे तीनों पल्सर बाइक क्रमांक सीजी 15 सीडब्ल्यू-3763 से सूरजपुर की ओर जा रहे थे।
वे साधुराम सेवाकुंज के समीप पहुंचे ही थे कि रिंग रोड मोड़ के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रहे टैंकर क्रमांक सीजी 07 बीजे-8545 ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में तीनों उछलकर सड़क पर गिरे। इस दौरान टैंकर का पहिया उनपर चढ़ गया। हादसे में संजय राजवाड़े व नंदकेश्वर राजवाड़े की कुचल जाने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अजय राजवाड़े गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही सूरजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और वहां मौजूद लोगों की मदद से घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं मृतकों का शव पीएम के लिए अस्पताल भिजवाया। इधर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार पश्चात घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर कर दिया।
पुलिस ने टैंकर को जब्त कर चालक के खिलाफ धारा 304ए के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार है। पुलिस उसकी खोजबीन कर रही है।
परिजन का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे में युवकों की मौत की सूचना जैसे ही उनके घरवालों को मिली, वे अस्पताल पहुंच गए। यहां युवकों का शव देख उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी मातम पसरा हुआ है। आज दोनों युवकों का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
Published on:
10 Aug 2018 12:32 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
