3 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गैस कटर से लोहे का दरवाजा काटकर बैंक में घुसे चोर, नहीं मिला लॉकर तो गुस्से में किया ये काम

पूरे साजो-सामान के साथ पहुंचे थे चोर, लॉकर नहीं मिलने पर कंप्यूटर व अन्य उपकरणों को तोड़कर लौट गए

2 min read
Google source verification
Bank door

Door cut of bank

जरही. भटगांव थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत सोनगरा के छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक में चोरी का असफल प्रयास हुआ। गैस कटर सहित अन्य पूरे साजो-सामान के साथ पहुंचे चोर बैंक के पीछे की दीवार को तोड़कर लोहे के दरवाजे को गैस कटर से काटकर अंदर तो घुस गए, लेकिन उन्हें लॉकर ही नहीं मिला। इसके बाद वे बैंक के कंप्यूटर, आलमारी व अन्य सामानों को क्षतिग्रस्त कर लौट गए। मामले में भटगांव पुलिस अपराध दर्ज कर आरोपियों की खोजबीन में जुट गई है।


गौरतलब है कि ग्राम पंचायत सोनगरा में स्थित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की शाखा के ठीक बगल में डिजिटल इंडिया का भी कार्यालय है। शनिवार की रात यहां पहुंचे चोरों ने सबसे पहले डिजिटल इंडिया के कार्यालय को बैंक समझकर इसका ताला तोड़ा, लेकिन जब अंदर जाकर उन्हें यह एहसास हुआ तो वे बाहर निकलकर बैंक के पास पहुंचे। चोरों ने बैंक के पीछे की दीवार को तोड़ा फिर उसके पीछे लगे लोहे की दरवाजे के चद्दर को गैस कटर से काटकर अंदर घुसे।

पहले विद्युत कनेक्शन को काटा
बैंक के अंदर घुसते ही चोरों ने सबसे पहले विद्युत पावर के मेन कनेक्शन बैटरी बैकअप का तार काट दिया। इससे बैंक में लगे अलार्म की सप्लाई भी बंद हो गई। इसके बाद उन्होंने बैंक के लॉकर को खोजने की कोशिश की, लेकिन उन्हें लॉकर नहीं मिला। फिर हताशा में चोरों ने बैंक में रखे कंप्यूअर, आलमारी सहित अन्य उपकरणों को क्षतिग्रस्त कर दिया और पैसे नहीं मिलने पर वहां से निकल गए।


लॉकर में थे 1 लाख 64 हजार रुपए
बैंक में सेंधमारी की सूचना पर ग्रामीणों ने प्रबंधन को दी। इस पर बैंक के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी भटगांव पुलिस को दी। भटगांव पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। बैंक प्रबंधन के अनुसार लॉकर में 1 लाख 64 हजार रुपए थे जो सुरक्षित हैं। चोरों के हाथ लॉकर नहीं लगने से ये रकम बच गई।


सुरक्षा की दृष्टि से कोई इंतजाम नहीं
ग्राम पंचायत सोनगरा में बनारस मुख्य मार्ग पर छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की शाखा संचालित है। लेकिन सुरक्षा के हिसाब से बैंक में सुरक्षाकर्मी, सीसीटीवी कैमरे सहित अन्य कोई सुविधा नहीं है। इसकी वजह से चोरों ने इसे आसान टारगेट मानते हुए यहां धावा बोला था।

वहीं इस घटना ने पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि रात लगभग 1 बजे पेट्रोलिंग पार्टी बैंक के पास से गुजरी थी लेकिन उस समय कोई भी वहां नजर नहीं आया था। पुलिस के अनुसार ये घटना रात 1.30 से 2 बजे के बीच हुई है।


चोरों की हो रही खोजबीन
भटगांव क्षेत्र में जितने भी बैंक थाना अंतर्गत आते हैं उनकी सुरक्षा के लिए हमारे द्वारा थाने में बैंकों के सभी अधिकारियों को बुलाकर बैठक भी ली गई थी। इसमें अधिकारियों को बैंकों में सुरक्षा के सभी आवश्यक उपकरण सहित पर्याप्त इंतजाम करने को कहा गया था। हम हर सप्ताह बैंकों में जाकर सुरक्षा इंतजाम की जांच करते हैं। इस मामले में चोरों की पतासाजी की जा रही है।
पी तिवारी, थाना प्रभारी, भटगांव