12 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

इन्हें नहीं डराता वर्दी का खौफ

जुआरियों ने किया पुलिस टीम पर पथराव का मामला, फरार आरोपी बिलाल के ठिकानों पर पुलिस दे रही दबिश, भीड़ के खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला दर्ज

2 min read
Google source verification

सूरत

image

Vineet Sharma

Aug 31, 2018

patrika

इन्हें नहीं डराता वर्दी का खौफ

भरुच. तहसील के टंकारिया गांव में बिलाल वली उर्फ भीखा लालन की ओर से जुआ अड्डा चलाया जा रहा था, लेकिन अब पुलिस ने उसे चारों ओर से घेरने का प्रयास तेज कर दिया है। मंगलवार को जुआ अड्डे पर कार्रवाई करने पहुंची भरुच पुलिस की टीम पर किए गए हमले मामले में बिलाल और उसके साथियों के साथ भीड़ के खिलाफ हत्या की कोशिश करने का मामला दर्ज किया गया है। भीड़ द्वारा किए गए हमले में पीएसआई के साथ चार सिपाही घायल हो गए थे। घटना के तीसरे दिन भी बिलाल फरार चल रहा है, धरपकड़ के लिए उसके ठिकानों पर पुलिस विभाग ने तीन टीम तैयार कर छापेमारी कर रही है।

टंकारिया गांव में बड़े पैमाने पर जुआ अड्डे चलाने वाले बिलाल लालन व जुए के धंधे में उसका साथ देने वाले उसके भाई ईनायत लालन, भतीजा मोहसिन ईनायत लालन व इम्तियाज ईस्माइल दशु सहित अन्य आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से दूर चल रहे हैं। आरोपियों को पकडऩे के लिए पुलिस ने तीन टीम बनाई है। उधर, गांव का वातावरण खराब न हो इसके लिए गांव में पुलिस जवानों को पिछले तीन दिन से तैनात किया गया है।

भरुच के पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र सिंह चूडास्मा के आदेश पर टंकारिया गांव में बिलाल वली उर्फ भीखा लालन द्वारा चलाए जा रहे जुआ अड्डे पर एलसीबी व अंकलेश्वर पुलिस ने मिलकर मंगलवार शाम को छापा मारा था। पुलिस कार्रवाई के दौरान धारदार हथियारों के साथ मौके पर पहुंती लोगो की भीड़ ने हमला कर एक पीएसआई सहित चार सिपाहियों को घायल कर दिया। पुलिस ने भीड़ को तितर बितर करने के लिए लाठीचार्ज और हवाई फायरिंग भी की थी।

आरोपी बिलाल वली उर्फ भीखा लालन और उसके साथी ईनायत वली उर्फ भीखा लालन, मोहसीन ईनायत वली लालन, ईकराम ईनायत लालन व इम्तियाज ईस्माइल दशु सहित भीड़ के खिलाफ पुलिस ने शिंकजा कस दिया है। भीड़ ने पीएसआई वी.एल. गागिया को दबाकर जान से मारने का प्रयास किया था। इसको लेकर पुलिस ने बिलाल और उसके साथियों सहित भीड़ के खिलाफ पुलिस के कामकाज में अड़चन डालने और हत्या की कोशिश सहित अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है।