
श्रावण सोमवार पर उमड़ी शिवभक्तों की भीड़
सूरत. शहर समेत आसपास के क्षेत्रों में श्रावण सोमवार के मौके पर शिवालयों में जलाभिषेक के लिए शिवभक्तों की कतारें लगीं। तापी एवं नर्मदा नदी से कांवड़ में लाए जल से सैकड़ों कांवडिय़ों ने विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक किया।
श्रावण में शिवभक्ति लगातार बढ़ रही है। शिवालयों में जलाभिषेक के लिए भीड़ के अलावा रुद्राभिषेक, शिवमह्मिन पाठ, रुद्राष्टध्यायी पाठ, रुद्र यज्ञ आदि कार्यक्रमों के अलावा इन दिनों कांवड़ यात्रा का जोर है। यात्रा के दौरान विभिन्न संघों के कांवडिय़ों ने झूमते-नाचते अलग-अलग क्षेत्रों के शिवालय पहुंचकर सोमवार को शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। श्रावण शुक्ल प्रतिपदा से शिवभक्ति में स्थानीय श्रद्धालु भी शामिल हो गए। शहर के कंतारेश्वर महादेव मंदिर, कर्मनाथ महादेव मंदिर, इच्छानाथ महादेव मंदिर, रुंढऩाथ महादेव मंदिर, रामनाथ घेला महादेव मंदिर समेत अन्य शिवालयों में श्रद्धालु सुबह जलाभिषेक करने के बाद विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में सक्रिय रहे।
कांवड़ यात्रा में शिव के जयकारे
देवाधिदेव भगवान महादेव की भक्ति सोमवार को शहर में जगह-जगह देखने को मिली। कंधे पर कांंवड़ उठाकर बोल बम, तारक बम का जयनाद करते सैकड़ों कांवडि़ए पैदल सड़कों पर चलते दिखे। बाद में कांवडिय़ों ने अलग-अलग क्षेत्रों के शिवालयों में शिवलिंग पर जलाभिषेक किया।
श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को घी के कमल भी अर्पित किए। सूरत समेत दक्षिण गुजरात में ओलपाड के सिद्धनाथ महादेव मंदिर, बिलीमोरा के सोमनाथ महादेव मंदिर आदि स्थल भी श्रावण के मौके पर विशेष श्रद्धा का केंद्र बने हुए हैं। यहां भी कांवडिय़ों के दलों का जलाभिषेक के लिए पहुंचना जारी है। शिव महादेव मित्र मंडल की ओर से आयोजित कांवड़ यात्रा सोमवार सुबह बाघेचाधाम से कड़ोदरा के शिव मंदिर पहुंची और कांवडिय़ों ने जलाभिषेक किया। श्रीगुर्जरगौड़ ब्राह्मण युवक संघ की ओर से दूसरी कांवड़ यात्रा सोमवार सुबह आयोजित की गई। इसमें समाज के युवा कांवडि़ए वराछा में तापी नदी के सिद्धकुटीर घाट पहुंचे। वहां से कांवड़ लाकर गोडादरा की शामलाधाम सोसायटी के शिवालय में जलाभिषेक किया गया। लाभेश्वर महादेव मित्र मंडल की ओर से निकली कांवड़ यात्रा में शामिल कांवडि़ए सोमवार को बारडोली के निकट गलतेश्वर महादेव मंदिर के निकट से तापी जल लेकर सूरत पहुंचे। उन्होंने उधना के लाभेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक किया।
कल निकलेगी यात्रा
भगवती धाम सेवा संघ की ओर से पहली कांवड़ यात्रा बुधवार सुबह छह बजे निकलेगी। यात्रा में शामिल कांवडि़ए नानपुरा में तापी नदी के नावड़ी घाट पहुंचेंगे और वहां से विभिन्न मार्गों से होकर खरवरनगर में श्रीदक्षिणाभिमुखी शनि-हनुमान मंदिर में नर्मदेश्वर शिवलिंग पर जलाभिषेक करेंगे।

Published on:
13 Aug 2018 10:04 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
