
हीरा उद्यमी के पलायन की चर्चा, करोड़ों रुपए अटके
सूरत
मुंबई के एक हीरा उद्यमी के पिछले एक सप्ताह से लापता होने के कारण उसके पलायन की चर्चा ने जोर पकड़ा है। उसके पास सूरत और मुंबई के हीरा उद्यमियों के करोड़ों रुपए फंसे होने की आशंका है।
हीरा उद्योग के सूत्रों के अनुसार मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में तैयार हीरों का व्यापार करने वाला मूल गुजरात का व्यापारी एक सप्ताह से ऑफिस बंद कर लापता है। उसके दुबई के ऑफिस पर भी ताला लगा है। लेनदारों ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल बंद था। उसका निवास भी बंद होने के कारण लेनदार उसके पलायन की आशंका व्यक्त कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस व्यापारी ने सूरत के हीरा उद्यमियों से भी तैयार हीरे खरीदे थे। हीरा उद्यमियों ने भी उसे ढूंढने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
घर बसाने का झांसा दिया, यौन शोषण कर छोड़ा
कापोद्रा क्षेत्र की एक युवती को बहला-फुसलाकर एक युवक मध्यप्रदेश ले गया और उसके साथ शादी की। महीनेभर यौन शोषण करने के बाद वह उसे मुंबई में छोड़ फरार हो गया। युवती की शिकायत पर कापोद्रा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक १९ वर्षीय युवती के साथ उसके पड़ोस में रहने वाले रफीक उर्फ बबलू नाम के युवक ने धोखा किया। तीन साल पहले वह रफीक के संपर्क में आई और दोनों के बीच दोस्ती हो गई। रफीक ने बातचीत के लिए उसे एक मोबाइल फोन गिफ्ट किया। शादी कर घर बसाने का झांसा देकर उसने २२ जून को उसे हीराबाग सर्किल पर बुलाया। वहां से वह उसे उन पाटिया इलाके में अपने मित्र के कमरे पर ले गया। २६ जून को वह उसे मध्यप्रदेश के रीवा के निकट अपने गांव ले गया। वहां उसने धर्म परिवर्तन की बात कर जोया नाम से उसका फर्जी आधार कार्ड बनवाया। उसके आधार पर उससे शादी की, जिसमें उसके फूफा और फुफेरा भाई गवाह बने। वहां से १० जुलाई को वह काम-धंधे के बहाने उसे मुंबई ले आया। मुंबई के नालासोपारा इलाके में उसने अकेले रहने वाले अपने मित्र जलालु के यहां रखा। कुछ दिन बाद सूरत आने के बहाने १५ अगस्त की सुबह वह उसे बस अड्डे ले गया और उसे अकेली छोड़ भाग गया। एक महिला ने युवती को पुलिस तक पहुंचाया। महाराष्ट्र पुलिस ने पूछताछ के बाद कापोद्रा पुलिस से संपर्क किया तो पता चला कि उसकी गुमशुदगी दर्ज है। महाराष्ट्र पुलिस ने उसे कापोद्रा भेज दिया। कापोद्रा पुलिस ने उसकी प्राथमिकी के आधार पर रफीक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी खोज शुरू कर दी है।
Published on:
17 Aug 2018 09:37 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
