
सूरत. गुजरात माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने बोर्ड परीक्षा खंड में मोबाइल ले जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। इस आदेश का पालन करवाने का जिम्मा बोर्ड ने कलक्टर और पुलिस कमिश्नर को सौंपा है।
राज्यभर में 12 मार्च से गुजरात माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षा शुरू हो जाएगी। परीक्षा में गड़बड़ी ना हो, इसलिए बोर्ड अभी से कड़े कदम उठा रहा है। बोर्ड ने परीक्षा के दौरान मोबाइल पर प्रतिबंध लगा दिया है। परीक्षा केन्द्र पर विद्यार्थी, अभिभावक, प्राचार्य, शिक्षक, निरीक्षक व अन्य जो भी परीक्षा कार्य से जुड़े हों सभी पर यह नियम लागू होगा। परीक्षा केन्द्र के अंदर मोबाइल ले जाने वाले पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए स्कूल का फोन उपयोग करने की सूचना दी गई है। इसके अलावा परीक्षा केन्द्र में उन्हें ही प्रवेश दिया जाए जिनके पास पहचान पत्र हो। बिना पहचान पत्र के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। इस आदेश का पालन करवाने के लिए कलक्टर व पुलिस कमिश्नर को जिम्मा सौंपा गया है।
हॉल टिकट नहीं मिले तो हेल्पलाइन पर शिकायत
गुजरात माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षा का हॉल टिकट नहीं मिलने पर विद्यार्थी हेल्पलाइन पर मदद मांग सकते हैं। गुजरात बोर्ड ने आदेश जारी किया है कि सभी विद्यार्थियों तक हॉल टिकट पहुंचाने का जिम्मा प्राचार्यों का रहेगा। कोई भी विद्यार्थी किसी भी कारण से हॉल टिकट से वंचित नहीं रहना चाहिए। गुजरात माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की मार्च में होने वाली परीक्षा को लेकर 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को हॉल टिकट एक मार्च से वितरित किए जाएंगे। सभी जिले के मुख्य परीक्षा केन्द्र से प्राचार्यों को हॉल टिकट हासिल करने का निर्देश दिया गया है। हॉल टिकट शीघ्र विद्यार्थियों तक पहुंचाने का आदेश जारी किया गया है। कई स्कूलों में फीस का विवाद चल रहा है। कई स्कूलों ने परीक्षा के समय फीस वसूली शुरू की है। फीस नहीं देने पर परिणाम नहीं दिखाने, परीक्षा में नहीं बैठने देने की धमकी अभिभावकों और विद्यार्थियों को दी जा रही है। हॉल टिकट नहीं देने की चेतावनी देकर भी फीस वसूली जा रही है। ऐसे में विद्यार्थी और अभिभावक चिंतित हैं। सूरत के एक अभिभावक ने एक स्कूल पर परीक्षा का हॉल टिकट नहीं देने की चेतावनी देने का आरोप लगाते हुए जिला शिक्षा अधिकारी से शिकायत की है। गुजरात बोर्ड ने हॉल टिकट को लेकर पहले ही सभी स्कूलों को चेतावनी जारी कर दी है। हॉल टिकट नहीं मिलने पर विद्यार्थी जिला शिक्षा अधिकारी से शिकायत कर सकते हैं। इसके अलावा 1800 233 5500 पर भी शिकायत की जा सकती है। स्कूल संचालक फीस को लेकर हॉल टिकट नहीं रोकें, इसलिए प्राचार्य को हॉल टिकट विद्यार्थी तक पहुंचाना होगा। सीबीएसई ने भी हॉल टिकट को लेकर कुछ दिनों पहले ऐसा ही आदेश जारी किया था।
Published on:
06 Mar 2018 09:57 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
