दमण. भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को संघ प्रदेश दमण-दीव एवं दादरा नगर हवेली भाजपा नेताओं के साथ बैठक कर मिशन 2019 की रणनीति तैयार की।
गुजरात के प्रदेश भाजपा कार्यालय पर चल रही चिंतन बैठक में दोनों संघ प्रदेशों के दिग्गज भाजपाइयों के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मंथन किया। इस दौरान अमित शाह ने पार्टी की मजबूती और लोगों को ज्यादा से ज्यादा जोडऩे पर जोर दिया। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी को प्रदेश स्तर एवं बूथ लेवल पर पार्टी को और मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरा। पार्टी की रूपरेखा तैयार करने के साथ ही पार्टी की नीतियों के बारे में कार्यकर्ताओं को अवगत कराया। शाह ने पिछले लोकसभा चुनाव में पार्टी को मिले वोट और वर्तमान में मतदाताओं की संख्या के मद्देनजर ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोडऩे की बात कही। उन्होंने मतदाताओं को पार्टी से जोडऩे के लिए वॉट्सएप ग्रुप बनाने के साथ ही लोगों से जनसंपर्क करने की नसीहत दी। अमित शाह ने दमण-दीव एवं दादरा नगर हवेली के दोनों प्रदेशों के प्रदेश अध्यक्षों, सांसदों, महामंत्रियों, प्रदेश प्रभारी सहित से प्रदेश में भाजपा की वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी भी हासिल की। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सहसंगठन मंत्री वी. सतीश, प्रदेश भाजपा प्रभारी रघुनाथ कुलकर्णी, दमण-दीव सांसद लालू पटेल, दमण-दीव प्रदेश भाजपा अध्यक्ष गोपाल दादा, महामंत्री वासू पटेल, संगठन मंत्री विवेक दाढकर, दमण जिला भाजपा अध्यक्ष दिपेश टंडेल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बी. एम. माछी, दमण म्यूनिसिपल प्रमुख शौकत मिठाणी, दीव जिला पंचायत अध्यक्ष शशिकांत सोलंकी, विपिन शाह, किरीट वाजा, दादरा नगर हवेली से सांसद नटू पटेल, प्रदेश अध्यक्ष हसमुख भंडारी, महामंत्री अनिल पटेल, फतेहसिंह चौहाण, जीतू माढा सहित कई भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि यह मंथन बैठक 2019 के लोकसभा चुनाव की पूर्व तैयारी बताई जा रही है। बैठक में मिले मार्गदर्शन के तहत अब दमण-दीव एवं दादरा नगर हवेली में भाजपाई अपना अभियान शुरू करेंगे।