मुम्बई रेल मंडल प्रबंधक संजय मिश्रा मंगलवार देर रात सूरत पहुंचे थे। उन्होंने बुधवार सुबह सूरत स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या एक पर वीआइपी रूम में वल्र्ड क्लास स्टेशन के मॉडल की जानकारी ली और आइआरएसडीसी के अधिकारी एम.आर.ए. मिर्जा से मुलाकात की। अधिकारियों ने बताया कि वल्र्ड क्लास स्टेशन के लिए टेंडर 29 सितम्बर को खुलेगा। दिसम्बर तक भूमि पूजन कार्यक्रम के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना जताई गई है। मुम्बई रेल मंडल के एडीआरएम ए.के. श्रीवास्तव और खुशाल सिंह भी बुधवार को सूरत आए। उन्होंने उधना स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य की समीक्षा की। खुशाल सिंह ने पत्रिका को बताया कि उधना स्टेशन पर दो प्लेटफॉर्म बढ़ाने को मंजूरी मिली है। टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो गई है। करंट टिकट बुकिंग कार्यालय तथा सुर्केलेटिंग एरिया को डवलप करने पर भी रेलवे ध्यान दे रही है। मिश्रा के साथ निरीक्षण के दौरान खुशाल सिंह, सीनियर डीसीएम आरती सिंह परिहार, सीनियर डीइएन तुषार मिश्रा, सीनियर डीइइ, सूरत स्टेशन डायरेक्टर सी.आर. गरूड़ा, स्टेशन मैनेजर सी.एम. खटीक, डीसीएमआइ गणेश जादव समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे। मिश्रा ने करंट टिकट बुकिंग कार्यालय, आरक्षण केन्द्र, पार्किंग एरिया और प्लेटफॉर्म संख्या एक, दो, तीन और चार, रनिंग स्टाफ आराम कक्ष का निरीक्षण किया। प्लेटफॉर्म संख्या एक पर टेलीफोन के खुले केबल देखकर उन्होंने इन्हें पाइप लगाकर व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। बिजली के बोर्ड, कोच इंडिकेटर तथा यात्रियों की सूचना के लिए लगाए गए विभिन्न बोर्डों पर धूल देखकर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और इनकी नियमित सफाई के दिए।