
,,
टीकमगढ़. टीकमगढ़ (tikamagarh) में शादी (wedding) से ठीक एक दिन पहले एक दूल्हे ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना शहर की महेन्द्र कूप कॉलोनी की है जहां रहने वाले गोकुल लोधी के परिवार में बेटे के सुसाइड करने से शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं। परिवारवाले जिस दिन घर से खुशी खुशी बेटे की बारात ले जाने वाले थे उसी दिन उन्हें घर के आंगन से आंसूओं के बीच जवान बेटे की अर्थी उठानी पड़ी। इस घटना से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और हर कोई दूल्हे के शादी से ठीक एक दिन पहले सुसाइड करने से हैरान है।
शादी से एक दिन पहले दूल्हे ने की खुदकुशी
महेन्द्र कूप कॉलोनी में रहने वाले गोकुल लोधी के बेटे नरेन्द्र लोधी की शादी खरगापुर में तय हुई थी और 8 मई को उसकी बारात जानी थी। शादी से ठीक एक दिन पहले परिवार में शादी की रस्में निभाई जा रही थीं और दूल्हे को तेल चढ़ाया गया। तेल की रस्म पूरी होने के बाद रात में दूल्हा नरेन्द्र लोधी अपने कमरे में सोने के लिए चला गया और परिवार वाले शादी की तैयारियों और दूसरी रस्मों में व्यस्त हो गए। पूरे परिवार में खुशियों का माहौल था और हर कोई नरेन्द्र की बारात में जाने को मानो तैयार बैठा था। लेकिन जब शादी के दिन सुबह दूल्हा नरेन्द्र काफी देर तक सोकर नहीं उठा तो परिजन ने उसे उठाने के लिए आवाज लगाई। नरेन्द्र की तरफ से कोई आवाज न आने पर जब परिजन ने नरेन्द्र के कमरे का दरवाजा खोला और अंदर दाखिल हुए तो उनके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। नरेन्द्र फांसी के फंदे पर लटका हुआ था।
आत्महत्या का कारण अज्ञात
नरेन्द्र ने आत्महत्या क्यों की है फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो पाया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरु की। बताया जा रहा है कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है जिससे कि घटना के कारणों का पता चल सके। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजन को सौंप दिया । पुलिस के मुताबिक परिजन के बयानों के बाद ही आत्महत्या का स्पष्ट कारण सामने आ सकता है।
देखें वीडियो- पत्नी के सामने स्ट्रेचर पर पड़े-पड़े पति की इलाज के अभाव में मौत
Updated on:
08 May 2021 04:43 pm
Published on:
08 May 2021 04:43 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
