2 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

उच्चाधिकारियों को शिकायत के बाद टूटी पालिका की नींद, पालिका की जमीन पर हो रहे निर्माण कार्य को रुकवाया

कुछ लोग निर्माण कार्य करने के लिए नींव खोद रहे थे। प्रशासन को शिकायत मिलने पर पालिका के सफाई कर्मचारियों एवं कस्बा पटवारी ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य को रुकवाया।  

2 min read
Google source verification
Construction stopped

निवाई बापू नगर में अतिक्रमियों द्वारा डाले गए पत्थर।

निवाई. शहर के बापू नगर स्थित पालिका की खाली पड़ी बेशकीमती भूमि पर कुछ लोगों के अतिक्रमण करने की शिकायत प्रशासन को मिलने पर पालिका के सफाई कर्मचारियों एवं कस्बा पटवारी ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य को रुकवाया।

कस्बा पटवारी गिर्राज मीणा ने बताया कि उपखंड अधिकारी हरिताभ आदित्य के निर्देशों पर वह बापू नगर में स्थित जुबेर फार्म हाउस के पास खसरा नंबर 3509 पर पहुंचे। जहां कुछ लोग निर्माण कार्य करने के लिए नींव खोद रहे थे।

उन्होंने बताया कि उक्त जमीन नगरपालिका की है, जिस पर नगरपालिका का बोर्ड लगा हुआ है, जिन्हें पाबंद करके निर्माण कार्य रुकवा दिया है। उन्होंने बताया कि खाली जमीन 3 बीघा 8 बिस्वा है।

नगरपालिका उपाध्यक्ष पारस पहाड़ी ने बताया कि बापू नगर में अतिक्रमण करने की शिकायत मिलने पर नेता प्रतिपक्ष राजकुमार करनाणी के सान्निध्य में जिला प्रशासन एवं स्वायत्त शासन विभाग के उच्चाधिकारियों को शिकायत की गई, जिसके बाद स्थानीय प्रशासन ने निर्माण को रुकवा दिया है।

प्रशासन के सहयोग से पालिका ने अतिक्रमियों को भले ही पाबंद कर दिया, लेकिन अतिक्रमियों द्वारा डलवाए गए पत्थरों को मौके पर छोड़ दिया, जिससे लोगों में आशंका है कि अतिक्रमी वापस निर्माण कार्य करवा सकते हैं। वहीं लोगों में चर्चा रही की पत्थर डाले हुए काफी दिन होने के बाद भी पालिका मौके पर शिकायत होने के बाद कार्रवाई की।


कीमती जमीन से हटाया अतिक्रमण
देवली. शहर के कुंचलवाड़ा रोड स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय परिसर में सालों से बेशकीमती जमीन के अतिक्रमण को सोमवार को जहाजपुर के कार्यवाहक विकास अधिकारी रामराज मीणा की मौजूदगी में जेसीबी से हटा दिया गया।

इस दौरान अतिक्रमियों ने कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन हनुमाननगर थाना पुलिस ने मौजूद रहकर मामला संभाला। सोमवार दोपहर विकास अधिकारी, कुंचलवाड़ा सरपंच चैतन्य कंवर, सचिव विमला मीणा, रामसिंह शक्तावत व भरतसिंह कुंचलवाड़ा रोड़ स्थित राजकीय विद्यालय परिसर में भैरुंलाल के सालों से बने बाड़े को हटाने पहुंचे।

जेसीबी से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू होते ही लोगों में हडक़म्प मच गया। इस पर अतिक्रमी जेसीबी मशीन के आगे खड़े होकर कार्रवाई का विरोध करने लगे। मामले में गहमा-गहमी बढ़ते ही हनुमाननगर थाने के सहायक उपनिरीक्षक उम्मेद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

उन्होंने विरोधियों का समझाइश कर शांत किया। मशीन ने 3 हजार वर्ग फीट जमीन पर बने बाड़े का अतिक्रमण हटा दिया। बाड़े में अतिक्रमियों ने कुछ पक्का निर्माण भी करवा दिया था, जिसे भी ध्वस्त कर दिया गया।

सचिव विमला मीणा ने बताया कि पंचायत प्रशासन की ओर से अतिक्रमियों को बाड़ा हटाने के कई बार निर्देश दिए थे, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया। उन्होंने बताया कि अतिक्रमियों द्वारा जमीन का जो पट्टा पेश किया। जिसका पंचायत प्रशासन के पास कोई रिकॉर्ड नहीं है।

चरागाह से हटाया
मोर (टोडारायसिंह). उपखण्ड प्रशासन ने सोमवार को बनकाखेड़ा में चरागाह भूमि से अतिक्रमण हटवाया। उल्लेखनीय है कि बनकाखेड़ा में आयोजित रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर आर.सी. ढेनवाल के समक्ष ग्रामीणों ने चरागाह से अतिक्रमण हटाने की मांग की थी।

जिला कलक्टर के निर्देश पर सोमवार को राजस्व प्रशासन मौके पर पहुंचा। तहसीलदार कपिल शर्मा के निर्देश पर पटवारी गिरदावर मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों के सहयोग से चरागाह से अतिक्रमण हटाया।

तहसीलदार ने बताया कि ग्रामीणों ने करीब 300 बीघा चरागाह पर काश्त करने के साथ बाड़े बनाकर अतिक्रमण कर रखा था। करीब 50 बीघा बोई गई फसल को नष्ट कर अतिक्रमियों को बेदखल किया गया। शेष भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी।