टोंक। निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीना की ओर से मालपुरा एसडीएम अमित चौधरी को थप्पड़ मारने के बाद देर रात पुलिस और नरेश मीना समर्थक आमने-सामने हो गए। निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीना को पकड़ने पहुंची पुलिस पर गुस्साएं लोगों ने जमकर पथराव किया। जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। ऐसे में उग्र भीड़ को कंट्रोल करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज के साथ ही आंसू गैस के गोले दागने पड़े। पुलिस ने निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीना को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन, देर रात उग्र भीड़ ने पुलिस पर हमला कर नरेश मीना को छुड़ा लिया। बताया जा रहा है कि इस हंगामे के बीच नरेश मीना भी घायल हो गया। हालांकि, खुद नरेश मीना ने गुरुवार तड़के कहा कि वह पूरी तरह ठीक है।