
Sidharth Shukla
नई दिल्ली: टेलीविजन का पॉपुलर शो बिग बॉस का 13वां सीजन काफी सुर्खियों में रहा था। इस सीजन के विनर सिद्धार्थ शुक्ला को इस सीजन ने खूब पॉपुलैरिटी दी। शो के दौरान उनकी और शहनाज गिल की नजदीकियां देखने को मिली थी। शहनाज ने तो अपने प्यार का इजहार तक कर दिया था। लेकिन सिद्धार्थ ने इसे दोस्ती ही बताया। अब हाल ही में सिद्धार्थ ने अपने रिलेशनशिप स्टेटस के बारे में बात की।
शादी का कोई इरादा नहीं
सिद्धार्थ ने एक न्यूज पोर्टल से बात करते हुए कहा, 'मेरे बारे में कौन क्या बोलता है मैं उसपर ध्यान नहीं देता हूं। मेरा रिलेशनशिप स्टेटस सिंगल है और मैं बहुत खुश हूं। इस वक्त मैं किसी को डेट नहीं कर रहा हूं। साथ ही अपने शादी को लेकर सिद्धार्थ ने कहा कि उनका शादी के बंधन में बंधने को कोई इरादा नहीं है।'
इन दिनों सिद्धार्थ शुक्ला अपने वेब सीरीज 'ब्रोकन बट ब्यूटीफुल' के तीसरे सीजन को लेकर सुर्खियों में हैं। इस सीरीज में वह बतौर लीड एक्टर नजर आएंगे। सीरीज के बारे में बात करते हुए सिद्धार्थ ने कहा, 'एक लंबे वक्त के बाद मैं कुछ ड्रामा करते हुए नजर आऊंगा। मुझे उम्मीद है कि इस सीरीज में लोग मुझे उतना ही प्यार देंगे जितना अभी तक देते आए हैं। यह मेरी पहली वेब सीरीज है और अभी तक का एक्सपीरियंस शानदार रहा है।' इस वेब सीरीज में सिद्धार्थ एक डाइरेक्टर का रोल निभाएंगे जो शोज डिजाइन करता है। इसमें उनके साथ एक्ट्रेस सोनिया राठी लीड रोल में नजर आएंगी।
काफी कुछ बदल गया है
सिद्धार्थ का कहना है कि बिग बॉस का खिताब जीतने के बाद एक अलग जिम्मेदारी महसूस हुई। उन्होंने कहा, 'मैं पिछले कई सालों से काम कर रहा हूं, लेकिन ऐसी जिम्मेदारी पहले कभी महसूस नहीं हुई। बिग बॉस जीतने के बाद काफी कुछ बदल गया है। लोगों को मुझसे काफी उम्मीदें हैं। कई लोग मुझे अपना रोल मॉडल मानते हैं। ऐसे में मैं कुछ ऐसा नहीं करता चाहता, जिससे मेरे फैंस की भावनाओं को ठेस पहुंचे।'
Published on:
9 Dec 2020, 12:34 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.