Junior Accountant Recruitment Exam Big Update : राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से आयोजित जूनियर एकाउंटेंट व तहसील रेवेन्यू एकाउंटेंट भर्ती परीक्षा पर खतरे के बादल मंडराने लगे हैं। ऐसे में परीक्षा दे चुके प्रदेश के हजारों युवाओं को या तो लंबा इंतजार करना पड़ सकता है या फिर दोबारा परीक्षा देनी पड़ सकती है। इधर, युवा राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड से लगातार परिणाम जारी करने की मांग कर रहे हैं। क्योंकि परीक्षा होने के 17 दिन बाद भी इसकी आंसर की जारी नहीं की गई है। यही नहीं, मार्च में लोकसभा चुनाव की आचार संहिता भी लगने वाली है। लेकिन इन सबके बीच इस भर्ती का मामला न्यायालय में चले जाने से अभ्यर्थियों के सपने अब चूर होते नजर आ रहे हैं।
बोर्ड ने 11 फरवरी को जूनियर एकाउंटेंट व तहसील राजस्व लेखाकार की भर्ती परीक्षा आयोजित की थी। इस परीक्षा में प्रदेश के करीब 48 हजार से अधिक अभ्यर्थी बैठे थे। उदयपुर जिले में भी सात हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इसके लिए कुल 23 परीक्षा केन्द्र बनाए गए है।