उदयपुर. शहर के नगर निगम बाेर्ड के साथ ही प्रथम नागरिक भी बदलते रहे, लेकिन शास्त्री सर्कल-अशोक नगर मुख्य मार्ग पर स्थित महापौर का बंगला पिछले 22 साल से अपने अगले निवासी का इंतजार कर रहा है। प्राइम लोकेशन पर करीब 4 हजार वर्गफीट में बने इस आवास में भवन के साथ गार्डन और रहने की सुविधाएं भी हैं। इसके बावजूद लंबे समय से वहां कोई महापौर रहने नहीं पहुंचा। अब नगर निगम में नया बोर्ड बनने और पारस सिंघवी के महापौर चुने जाने के बाद एक बार फिर इस बंगले की चर्चा शुरू हो गई है।