6 अक्टूबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

उदयपुर : बवालःसड़क पर गिरी महिला को कुचला, गुस्साई भीड़ ने ट्रक फूंका… खलासी से मॉबलिंचिग का प्रयास

सवीना थाना क्षेत्र में तीतरड़ी-गुप्तेश्वर रोड पर सोमवार सुबह स्कूटी सवार निर्मला (48) की ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आने से मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने ट्रक में आग लगा दी और खलासी को पीटने का प्रयास किया। जान बचाने घर में घुसे खलासी को भीड़ ने बाथरूम का दरवाजा तोड़कर बाहर निकाल लिया, लेकिन पुलिस ने उसे बचा लिया। पुलिस ने कुछ उपद्रवियों को चिह्नित कर कार्रवाई की बात कही है।
2 min read
Google source verification
croud after accident

हादसे के बाद मौके पर बिगड़े हालात

उदयपुर.सवीना थाना क्षेत्र में तीतरड़ी-गुप्तेश्वर रोड पर सोमवार सुबह हुए हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। स्कूटी बेकाबू होकर गिरने के बाद महिला ट्रक के पिछले पहिए की नीचे आ गई थी। हादसे के बाद हालात बेकाबू हो गए। आक्रोशित लोगों ने ट्रक के केबिन में आग लगा दी। खलासी को भीड़ ने घेर लिया और पीटने लगे। जान बचाने के लिए खलासी पास के मकान में घुस गया, लेकिन भीड़ ने बाथरूम का दरवाजा तोड़कर उसे बाहर खींच लिया। पुलिस ने मशक्कत के बाद खलासी को भीड़ से बचाकर हिरासत में लिया।

थानाधिकारी दलबीर सिंह ने बताया कि तीतरड़ी निवासी कन्हैयालाल साहू की पत्नी निर्मला (48) की हादसे में मौत हो गई। दूध लाने निकली निर्मला स्कूटी से जा रही थीं। इसी दौरान आबादी क्षेत्र से गुजर रहे ट्रक के सामने आने पर असंतुलित होकर गिर गई। निर्मला सड़क पर गिरीं और ट्रक का पिछला पहिया उनके सिर के ऊपर से निकल गया। ट्रक चालक मौके से भाग निकला। पुलिस की समझाइश के बाद माहौल शांत हो पाया।

एएसआइ के साथ बाथरूम में कैद

आक्रोशित लोग खलासी को मारने लगे तो वह पास ही नारायण सुथार के घर में घुस गया। घर के लोगों ने भी उसे बचाने का प्रयास किया। इससे भीड़ और भड़क गई और वहां परिवार से भी उलझने लगी। एएसआइ सज्जन सिंह खलासी को लेकर बाथरूम में कैद हो गए। लोगों ने बाथरूम का दरवाजा तोड़कर खलासी को खींच लिया। एएसआइ ने भीड़ का मुकाबला कर खलासी को बचाया।

ट्रक में आग से पास के घर में हो गया खतरा

आक्रोशित लोगों ने ट्रक के केबिन में आग लगा दी। आग फैलने की आशंका देखते हुए आसपास के लोगों ने ही उसे बुझाया। सूचना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर पुलिस ने माहौल बिगाड़ने वाले कुछ लोगों को चिह्नित किया है। पुलिस के अनुसार इनमें वे लोग भी शामिल हैं, जिन्होंने खलासी को मारने का प्रयास किया और ट्रक में आग लगाई।

अटका पोस्टमार्टम, होगी कार्रवाई

महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर पहुंचाया गया। वहां भी 50 लाख मुआवजे की मांग पर लोगों ने हंगामा किया। शहर विधायक ताराचंद जैन, उपमहापौर दिनेश भट्ट, भाजपा शहर अध्यक्ष गजपाल सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष फतेहसिंह राठौड़ सहित अन्य लोग भी मुर्दाघर पहुंचे। पोस्टमार्टम के दौरान कुछ मांगों को लेकर विवाद की स्थिति बनने से प्रक्रिया नहीं हो सकी। अब मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

यह सड़क हादसा है, हत्या नहीं। हादसे में किसी की भी जान जा सकती है। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित परिवार को मुआवजा मिलेगा। हादसे के बाद महज 6 मिनट में पुलिस मौके पर थी। कुछ लोगों ने अनावश्यक रूप से माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। उनको चिह्नित किया गया है, जिन पर कार्रवाई होगी।

दलबीरसिंह, थानाधिकारी, सवीना