
19 minors molestation case :मध्य प्रदेश की धर्म नगरी उज्जैन के बड़नगर रोड पर स्थित गुरुकुल दंडी आश्रम में 19 नाबालिगों से कुकर्म के मामले में महाकाल थाना पुलिस ने मंगलवार देर रात आश्रम के एक आचार्य और सेवादार के खिलाफ पाक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया। मामले के एक आरोपी आचार्य राहुल शर्मा को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि फरार सेवादार अजय ठाकुर को बुधवार देर रात को दबोच लिया गया है। इस मामले की खास बात ये है कि 19 मासूमों से कुकर्म का आरोपी आचार्य राहुल शर्मा कुछ दिन पहले ही शहर में घूम रही एक नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता की मदद करके खासा चर्चा में आया था।
मामले की जांच में जुटी महाकाल पुलिस का कहना है कि बीते 30 साल से शहर में संचालित गुरुकुल दंडी आश्रम में बच्चे वेद अध्ययन, कर्मकांड, पंडिताई सिखाई जाती है। मौजूदा समय में यहां 140 बच्चे प्रदेश के अलग-अलग इलाकों से पढ़ने आए हैं, जो यहीं रहते हैं। यहां से शिक्षा प्राप्त करने वाले छात्रों में उज्जैन के साथ साथ देवास, राजगढ़, मंदसौर आदि शहरों के बच्चे भी शामिल हैं। ये भी बता दें कि यहां शिक्षा प्राप्त करने वाले लगभग सभी शिष्यों की उम्र 11 से 15 साल के बीच है।
बताया जा रहा है कि सबसे पहले चैत्र नवरात्र के समय आश्रम में पढ़ने वाले कुछ बच्चों ने अपने माता-पिता से उनके साथ यहां होने वाले कृत्यों के संबंध में जानकारी दी थी। उस दौरान बच्चों ने आश्रम के सेवादार अजय ठाकुर पर कुकर्म के आरोप लगाए थे। इसपर आग बबूला हुए बच्चों के परिजन ने आश्रम पहुंचकर यहां के संचालक गजानन सरस्वती से मुलाकात की थी। इसपर सरस्वती ने अजय ठाकुर को आश्रम से निकाल दिया था।
अजय ठाकुर को आश्रम से निकाले जाने के बावजूद आश्रम के बच्चों द्वारा शिकायतें सामने आने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा था। मामला इतना बढ़ा कि बच्चों के अभिभावक एकजुट हुए। उन्होंने एक दूसरे से मिलकर वाट्सएप ग्रुप बनाया और उसी पर तय किया कि, मंगलवार को सभी परिजन आश्रम पहुंचेंगे और आश्रम संचालक गजानन सरस्वती के साथ बैठक करेंगे। बताया जा रहा है कि मंगलवार को हुई बैठक में 20 बच्चों के स्वजन ने आश्रम संचालक के साथ बैठक की थी। बैठक में 19 बच्चों ने सेवादार अजय ठाकुर के साथ आश्रम में पढ़ाने वाले आचार्य राहुल शर्मा का भी नाम लिया। बच्चों ने आरोप लगाया कि ये दोनों अलग अलग समय में उन्हें अपने कमरे में बुलाते हैं और गलत हरकत करते हैं।
बच्चों की शिकायतें सामने आने के बाद स्वजन भड़क उठे और तत्काल मामले में आश्रम संचालक से कठोर कार्रवाई करने की बात कही। इसपर गजानन सरस्वती ने राहुल शर्मा को आश्रम बुलाया और तुरंत ही पुलिस को सूचना देकर उसे गिरफ्तार कराया। यही नहीं, इसके बाद मंगलवार देर रात उसके और सेवादार अजय ठाकुर के खिलाफ आइपीसी की धारा 377, 506 और पाक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया और फरार अजय ठाकुर कीतलाश शुरु की। बताया जा रहा है कि पुलिस ने आरोपी अजय ठाकुर को भी देर रात सीहोर जिले के आष्टा से गिरफ्तार कर गुरुवार की सुबह उज्जैन ले आई है।
आपको याद हो कि, 19 नाबालिगों से कुकर्म के आरोप में गिरफ्तार आरोपी राहुल शर्मा का नाम 7 महीने पहले सितंबर माह में एक 12 साल की बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म के केस में सुर्खियों में आया था। उस दौरान नाबालिग पीड़िता निर्वस्त्र हालत में शहर की गलियों में घूम रही थी। उस दौरान राहुल शर्मा ने उस दुष्कर्म पीड़िता की मदद की थी। शर्मा ने ही लावारिस घूम रही बच्ची को खाना खिलाया था। साथ ही महाकाल पुलिस को उसके संबंध में सूचित किया था। ऐसा करने पर शहरभर में उसकी खासा प्रशंसा हुई थी।
Updated on:
02 May 2024 02:24 pm
Published on:
02 May 2024 01:24 pm
बड़ी खबरें
View Allउज्जैन
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
