
जगोटी (उज्जैन)। महिदपुर तहसील के गांव जगोटी, बरखेड़ी बाजार, बेलाखेड़ा, कानाखेड़ी, हरवंश गांव में 12 अगस्त को भूगर्भीय हलचल, धमाकों की आवाज और जमीन का कंपन प्रकृति की बड़ी चेतावनी तो नहीं है। विशेषज्ञों का तर्क है कि जमीन में पानी जाने से जो गैस बन रही है, उससे धमाके और कंपन हो रहा है। यदि यह सच है तो बड़ा सवाल यह कि सिर्फ इसी क्षेत्र में ऐसा क्यों हो रहा है?
चंबल बचाओ आंदोलन के दिनेश दुबे का कहना है कि एसिड माफियाओं की सक्रियता से यह स्थिति बन रही है। माफिया सल्फ्यूरिक एसिड के साथ हैजारडस केमिकल चोरी छुपे जमीन में उतार रहे हैं। पानी गिरने पर जब भूजल स्तर बढ़ता है तो रिएक्शन के चलते भूगर्भीय हलचल, धमाके और कंपन हो रहा है। इसे लेकर उन्होंने महिदपुर एसडीएम और उज्जैन कलेक्टर को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ेंः
बयानों से बढ़ी चिंता
मौके पर पहुंचे पटवारी नरेंद्र सूर्यवंशी ने कहा था कि यह प्राकृतिक घटना है। कभी-कभी ऐसी हलचल होती हैं। जगोटी पहुंचे भूवैज्ञानिक अधिकारी सुधीर कुमार शर्मा और मोहन कुमार ने बताया, मालवा में भूकंप नहीं आ सकता। गांव में जो झटके या कंपन महसूस हो रही है, वह पानी गिरने के कारण जमीन में गैस बनती है। वह बाहर निकलती है, तो इस प्रकार के धमाके और कंपन होते रहते हैं। महिदपुर विधायक बहादुर सिंह चौहान लोगों से कह रहे हैं, घर मे भजिये बनाकर खाओ कुछ नहीं होगा।
यह सामान्य घटनाक्रम नहीं
दुबे का कहना है, नागदा के एसिड माफियाओं ने महिदपुर सिटी के आसपास जगोटी ,खेडाखजूरिया, झारडा आदि गांवों में हजारों टन वेस्ट सलफ्यूरिक एसिड जमीन में उतार दिया है। इसके परिणाम स्वरूप धमाके हो रहे हैं। जमीन से धुआं निकल रहा है। जगोटी की भूगर्भीय हलचल सामान्य घटनाक्रम नहीं है। एसिड माफिया गुजरात, महाराष्ट्र से भारी मात्रा में केमिकल के टैंकर लाकर यहां क्षिप्रा, चंबल नदी में बहाते हैं। माफियाओं ने एक साल पहले मानपुर के पास भी एसिड बहाया था, जिसमें आरोपी फरार हैं।
लोगों में दहशत
गत शुक्रवार को बम जैसे विस्फोट के धमाकों के साथ भूकंप जैसे झटकों से लोग दहशत में हैं। कंपन महसूस कर लोग घरों से बाहर दौड़ लगा देते हैं क्योंकि ऐसा एक-दो बार नहीं 7-8 बार हुआ है।
Updated on:
19 Aug 2022, 12:27 PM IST
Published on:
19 Aug 2022, 12:25 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.