4 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

उन्नाव में युवती को जिंदा जलाने का मामला : अखिलेश-राजबब्बर ने योगी सरकार को घेरा, आप नेता संजय सिंह ने कर दी ये बड़ी मांग

गुरुवार को उन्नाव में 19 साल की लड़की को जिंदा जला दिया गया, मामले में पुलिस ने कथित प्रेमी विकास गुप्ता को गिरफ्तार किया है...

2 min read
Google source verification
rajbabbar

उन्नाव. गुरुवार को बाजार से सब्जी लाने जा रही 19 साल की एक लड़की को कुछ लोगों ने जिंदा जला दिया था। दिल दहला देने वाली इस घटना ने लोगों को झकझोर कर दिया था। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव , कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर और आप नेता संजय सिंह समेत कई दिग्गजों ने कानून-व्यवस्था के मामले पर योगी आदित्यनाथ सरकार पर जमकर निशाना साधा।

अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए कहा कि अभी तक तो बच्चियों की इज्जत पर ही संकट था अब उन्हें सरेराह जिंदा जला दिया जा रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जिस तरह से महिलाओं के ख़िलाफ अपराध बढ़ रहे हैं, लगता है कि महिला सशक्तीकरण से पहले 'महिला सुरक्षीकरण' के उपाय करने की जरूरत है।

पंखुड़ी पाठक ने किया ट्वीट
समाजवादी पार्टी की प्रवक्ता पंखुड़ी पाठक ने ट्वीट करते हुए कहा कि उन्नाव में बाज़ार गयी युवती को बीच बाज़ार पेट्रोल डाल कर जलाया गया। साफ दिखता है कि उत्तर प्रदेश में बदमाशों के हौसले बुलंदियां छू रहे हैं।

बेकार हैं सारे एनकाउंटर : राजबब्बर
उन्नाव की दिल दहला देने वाली घटना पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने ट्वीट करते हुए कहा कि यूपी में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है। हृदय को छलनी कर देने वाली इस घटना के सामने आने के बाद सारे एनकाउंटर बेकार और कानून- व्यवस्था दुरुस्त करने वाले दावे महज़ ढिंढोरा पीटने जैसी बातें लग रही हैं। सरकार सिर्फ उपलब्धियां गिनाने में पड़ी है।

राम मंदिर का निर्माण हो चुका हो तो माताओं-बहनों की हिफाजत कर लो : आप नेता
आम आदमी पार्टी के नेता नेता संजय सिंह ट्वीट करते हुए कहा कि योगी राज में महिलाओं के साथ दरिंदगी की घटनाओं में बाढ़ आ गई है। भाजपाईयों अगर मंदिर का निर्माण हो चुका हो तो माताओं-बहनों की इज़्ज़त की रक्षा कर लो।

क्या था पूरा मामला
गुरुवार को सब्जी लेने गई लड़की को जिंदा जला दिया गया। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने विकास गुप्ता नाम के एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मृतका मोनी और विकास गुप्ता के बीच गहरी दोस्ती थी। उन्नाव जिले के बारा सगवर क्षेत्र के सथनी बालाखेड़ा गांव की मोनी गुरुवार को बाजार से सब्जी लेने जा रही थी। रास्ते में उसे कुछ लोगों ने रोक लिया गया और उसे खेतों की ओर खींचकर ले गये। अज्ञात आरोपियों ने युवती पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। थोड़ी ही देर में युवती आग की चपेट में आने से धूं-धूं कर जल गयी। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में कोहराम मच गया।

देखें- दिल दहला देने वाली घटना का वीडियो...