
UP Election Asha Singh Plea to Withdraw BSP Candidate Devendra Singh
उन्नाव. उन्नाव सदर से कांग्रेस उम्मीदवार और एक गैंगरेप पीड़िता की मां आशा सिंह ने बहुजन समाज पार्टी के एक उम्मीदवार को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने बसपा प्रमुख मायावती से प्रत्याशी देवेंद्र सिंह की उम्मीदवारी खत्म करने की अपील की है। आशा सिंह का आरोप है कि देवेंद्र सिंह उनकी बेटी को प्रताड़ित करने वाले कुलदीप सिंह सेंगर के करीबी हैं और उन्हें डराने व धमकाने की कोशिश की है। आशा सिंह ने यह बात मायावती को एक पत्र के जरिये कही है। बता दें कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आशा सिंह को उन्नाव सदर सीट से कांग्रेस का टिकट दिया है। इसी सीट पर समाजवादी पार्टी ने अपना उम्मीदवार न उतारने की बात कही है।
उन्नाव सदर से कांग्रेस उम्मीदवार और उन्नाव रेप पीड़िता की मां आशा सिंह ने कहा, ''उन्नाव से बसपा प्रत्याशी देवेंद्र सिंह पर हत्या और रंगदारी के प्रयास समेत करीब एक दर्जन आपराधिक मामले हैं। वह कुलदीप सिंह सेंगर का करीबी भी है। सरकार की तरफ से प्राप्त सुरक्षा के जरिये उसने मुझे डराने धमकाने की कोशिश की।''
मायावती से उम्मीदवारी रद्द करने की अपील
आशा सिंह ने कहा, ''मैने मायावती को ऐसे बुरे व्यक्ति की उम्मीदवारी रद्द करने के लिए पत्र लिखा है।'' बता दें कि भाजपा के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर 2017 में आशा सिंह की नाबालिग बेटी के साथ बलात्कार और 2018 में आशा के पति की हत्या के मामले में जेल में सजा काट रहे हैं। कुलदीप सिंह सेंगर ने बांगरमऊ निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा विधायक रहते हुए रेप की घटना को अंजाम दिया था। दोष साबित होने के कुछ वक्त पहले भाजपा ने उन्हें अपनी पार्टी से निकाल दिया था।
साजिश रच रहा देवेंद्र सिंह
आशा सिंह की बेटी ने भी देवेंद्र सिंह की उम्मीदवारी रद्द करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि देवेंद्र सिंह उनके खिलाफ साजिश रच रहा है और सेंगर को बचाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा ''एक दौर ऐसा भी आया जब उन्होंने गवाह होने का दावा करते हुए हमारे मामले को कमजोर करने की कोशिश की। हम मायावती से उनका नामांकन रद्द करने की अपील करते हैं क्योंकि उनसे हमें खतरा है। ''
Updated on:
18 Jan 2022, 2:07 PM IST
Published on:
18 Jan 2022, 2:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.