
गर्म समोसे से शुरू हुआ विवाद पहुंचा कोर्ट
Varanasi Samosa Case:वाराणसी के चौबेपुर क्षेत्र में गर्म समोसा देने से शुरू हुआ विवाद अब मारपीट और कथित लूट के मुकदमे तक पहुंच गया है। जाल्हूपुर बाजार में फरवरी में अधिवक्ता शिवशंकर सिंह और दुकानदार के बीच समोसे को लेकर कहासुनी हुई थी। अब कोर्ट के आदेश के बाद दुकानदार गुप्तेश्वर सिंह समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
मामले में सामने आई शिकायत के मुताबिक, विवाद सिर्फ ठंडे समोसे को लेकर हुई बहस तक सीमित नहीं रहा। अधिवक्ता ने आरोप लगाया है कि दुकान पर उनके साथ मारपीट की गई और उनके गले से सोने की चेन तथा जेब में रखी नकदी भी निकाल ली गई।
शिकायत के अनुसार, शिवशंकर सिंह दुकान पर पहुंचे थे और उन्होंने मालिक को बुलाकर वहां काम करने वाले कर्मचारी को लेकर शिकायत करने की बात कही। इसी दौरान दुकानदार गुप्तेश्वर सिंह के साथ एक अन्य व्यक्ति और उनका बेटा भी वहां आ गए।शिवशंकर का आरोप है कि बातचीत के दौरान उनसे गर्म समोसे को लेकर भी सवाल-जवाब हुआ। इसी बीच सामने मौजूद लोगों ने कथित तौर पर उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी और वहां से चले जाने के लिए कहा।
शिकायत में शिवशंकर ने आरोप लगाया है कि इसी दौरान उनसे कहा गया, "तुम कलेक्टर हो कि तुमको गर्म समोसा देना है?" इसके बाद विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि देखते ही देखते वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शिकायत में कहा गया है कि गुप्तेश्वर सिंह ने लात-घूंसों से हमला किया, जबकि साथ आए लोगों ने उनके हाथों की उंगलियां पकड़कर जोर से मरोड़ीं।
शिवशंकर सिंह ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उनके गले में पहनी सोने की चेन, जिसका वजन करीब दो भार बताया गया है, निकाल ली गई। इसके अलावा पैंट की जेब में रखे 19,570 रुपये भी कथित तौर पर छीन लिए गए। शिकायत के मुताबिक, मारपीट के कारण जब वह जोर से चिल्लाने लगे तो आसपास काफी भीड़ जुट गई। इसके बाद मामला शांत हुआ।
घटना के बाद अधिवक्ता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। मामला अदालत तक पहुंचा और कोर्ट के आदेश के बाद चौबेपुर पुलिस ने दुकानदार गुप्तेश्वर सिंह समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए मारपीट और सामान व नकदी छीनने के आरोपों की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। यानी जिस विवाद की शुरुआत दो गर्म समोसे से हुई थी, वह अब पुलिस केस और अदालत की कार्रवाई तक पहुंच चुका है।
Updated on:
18 Aug 2026 05:57 pm
Published on:
18 Aug 2026 05:57 pm
बड़ी खबरें
View Allवाराणसी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
