विदिशा। नगरपालिका द्वारा शहर की सभी उखड़ी सड़कों को दुरुस्त कराने की तैयारी की जा रही है। नपाध्यक्ष की मानें तो बारिश पूर्व शहर की सभी खुदी हुई सड़कों का डब्ल्युबीएम कार्य कराया जाएगा। इसके बाद इन सड़कों पर डामरीकरण का कार्य होगा। डब्ल्यूबीएम का कार्य साढ़े तीन करोड़ रुपए में होगा। वहीं डामरीकरण के लिए पांच करोड़ रुपए के टैंडर पहले ही किए जा चुके हैं। शनिवार को इस कार्य का भूमिपूजन किया गया। जिसमें नपा अध्यक्ष और विधायक शामिल हुए।
मालूम हो कि शहर में सीवेज एवं पेयजल लाइन बिछाने का कार्य चलने से शहर के हर वार्ड एवं बस्ती में सड़कें खुदी और काफी समय से लोगों को उखड़ी और धूल भरी सड़कों से आना-जाना करना पड़ रहा। लोगों में बारिश को लेकर चिंता है और बारिश पूर्व सड़कें दुरुस्त नहीं हुई तो कई सड़कों से निकलना मुश्किल होगा। वाहन फिसलेंगे, हादसे होंगे। इन सभी मुश्किलों को देखते हुए नपा ने इन उखड़ी सड़कों को दुरुस्त करने का व्यापक योजना बनाई है। बारिश में समस्या न आए इसके लिए अभी से प्रयास शुरू हो गए हैं।
साढ़े तीन करोड़ होंगे खर्च नपा कार्यालय के मुताबिक अभी सभी सड़कों पर डब्ल्यूबीएम कार्य तेज गति से कराया जाएगा। इसके लिए टैंडर हो चुके। कार्य शीघ्रता से हो इसके लिए शहर को चार जोन में बांटा गया है और जोन का कार्य अलग-अलग ठेकेदारों को दिया गया है। नपा कार्यालय से बताया गया कि शहर के अधिकांश क्षेत्र में पेयजल एवं पाइप लाइन बिछ चुकी। लोगों के इन लाइनों से कनेक्शन भी हो चुके ऐसी सड़कें पहले प्राथमिकता से तैयार कराई जाएगी। जहां कुछ कनेक्शन रह गए वहां बाद भी कनेक्शन दिए जा सकेंगे। नपा कर्मचारियों ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए निर्माण सामग्रियां मौके पर पहुंचने लगी है।
कार्य के लिए बनाए यह चार जोन सड़क कार्य दुर्गत गति से हो इसके लिए शहर को चार जोन में बांटा गया है। इसमें वार्ड क्रमांक-1 से 10 तक, वार्ड क्रमांक 11 से 26 तक, वार्ड क्रमांक-30 से 35 तक एवं वार्ड 36 से 39 तक कार्यों को चार जोन में बांटा गया है। हर जोन में अलग-अलग ठेकेदार कार्य करेंगे।
इन सभी क्षेत्रों में बनेगी सड़कें रायलसिटी, कृष्णा कॉलोनी, मुखर्जीनगर, पूरनपुरा, बंटीनगर, करैयाखेड़ा रोड, राजीवनगर, इंद्रप्रस्थ कॉलोनी, विजय नगर, उदय नगर, लालधाऊ, टीलाखेड़ी आदि सभी स्थानों पर सड़कें खुदी हुई है जहां डब्ल्युबीएम का कार्य होगा।
सके बाद होगा डामरीकरण मिली जानकारी के अनुसार इस कार्य के बाद सभी सड़कों का शीघ्रता से डामरीकरण भी किया जाएगा। नपा कर्मचारियों के अनुसार डामरीकरण के लिए करीब पांच करोड़ रुपए के टैंडर पहले ही कराए जा चुके हैं।
हमारा प्रयास है कि बारिश से पूर्व सभी सड़कों को दुरुस्त कर लिया जाए। इसके लिए नपा के इंजीनियरों व ठेकेदारों को शीघ्रता से कार्य पूरा कराने को कहा गया है। इन कार्यों की सतत मानीटरिंग भी होगी। मुकेश टंडन, अध्यक्ष नगरपालिका