
टिकटॉक स्टार सुमेरा राजपूत की हुई हत्या (Photo-X @askrajeshsahu)
Tik-Tok Star Murder: पाकिस्तान में 17 वर्षीय टिकटॉक स्टार सना यूसुफ की हत्या के बाद एक और टिकटॉकर की हत्या करने का मामला सामने आया है। दरअसल, पाकिस्तानी टिकटॉकर सुमेरा राजपूत का अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में शव पाया गया है। मृतका की बेटी के मुताबिक उसकी मां की हत्या उन लोगों ने की है जो कि लंबे समय से उस पर जबरन शादी का दबाव बना रहे थे। बेटी ने दावा किया कि उसकी मां को जहरीली गोलियां दी गईं, जिससे उसकी मौत हो गई।
मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है, लेकिन अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। सुमेरा राजपूत के टिकटॉक पर 58 हजार से अधिक फॉलोअर्स थे और करीब 10 लाख से ज्यादा लाइक्स भी थे।
टिकटॉक स्टार सुमेरा राजपूत की बेटी भी कॉन्टेंट क्रिएटर है। उसके टिकटॉक पर 58 हजार फॉलोअर है। बता दें कि टिकटॉक स्टार सुमेरा राजपूत की हत्या के असली कारण अभी तक सामने नहीं आए है। वहीं मामले में पुलिस अधिकारी ने कहा कि सुमेरा राजपूत की हत्या के मामले में बेटी ने एक शख्स पर मां को जहर देने का आरोप लगाया है।
बता दें कि पाकिस्तान में टिकटॉक स्टार की हत्या होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 17 वर्षीय सना यूसुफ की उसके घर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गौरतलब है कि सना यूसुफ की हत्या करने वाले आरोपी ने घटना से कुछ समय पहले ही उसे परेशान किया था।
बता दें कि क्वेटा में जनवरी में 15 वर्षीय हीरा नाम की लड़की की उसके पिता और मामा ने हत्या कर दी। दरअसल, हीरा ने टिकटॉक छोड़ने से इनकार कर दिया। इससे दोनों उससे खफा हो गए और उसकी हत्या कर दी। मामले में पुलिस ने दोनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं दोनों ने अपना अपराध भी स्वीकार कर लिया था।
Updated on:
26 Jul 2025, 7:26 PM IST
Published on:
26 Jul 2025, 7:26 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.