
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू। (Photo- IANS)
न्यूयॉर्क के मुस्लिम मेयर जोहरान ममदानी पर इजराइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू का गुस्सा फूट पड़ा है। दरअसल, ममदानी ने नेतन्याहू को 'युद्ध अपराधी' और फिलिस्तीनियों के खिलाफ कथित नरसंहार का जिम्मेदार ठहराया था।
इस तीखे हमले के जवाब में नेतन्याहू ने मंगलवार को साफ कहा कि वह इस हफ्ते संयुक्त राष्ट्र में जाकर सच बताएंगे। साथ ही उन्होंने खुलकर यह भी कह दिया कि वह न्यूयॉर्क पहुंचकर ही उनको जवाब देंगे।
ममदानी ने सोमवार को सीएनएन से बातचीत में नेतन्याहू पर यह आरोप लगाए थे। उन्होंने पहले यह भी कहा था कि वे नेतन्याहू को गिरफ्तार करवाएंगे, लेकिन बाद में स्वीकार किया कि उनके पास ऐसा अधिकार नहीं है।
नेतन्याहू ने वीडियो संदेश में ममदानी को निशाने पर लेते हुए कहा- शर्म करो ममदानी साहब। आप हमास जैसे आतंकियों का समर्थन कर रहे हैं जिन्होंने हमारे लोगों का कत्लेआम किया। न्यूयॉर्क के यहूदियों के खिलाफ दंगे भड़काने पर भी आपको शर्म आनी चाहिए।
नेतन्याहू गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा में भाषण देंगे। उन्होंने कहा- मैं संयुक्त राष्ट्र जा रहा हूं। वहां हमारे वीर सैनिकों की सच्चाई बताऊंगा और आपके बारे में भी सच बताऊंगा।
वहीं, उनके प्रवक्ता दोरोन स्पिलमैन ने बताया कि नेतन्याहू दुनिया के किसी भी नेता से ज्यादा बार संयुक्त राष्ट्र में बोल चुके हैं। वे वहां उन देशों के सामने सच रखेंगे जो अक्सर इजराइल के खिलाफ झूठा प्रचार फैलाते हैं।
7 अक्टूबर 2023 को हमास ने इजराइल पर हमला किया था जिसमें करीब 1200 लोग मारे गए और 251 लोगों को बंधक बना लिया गया। इसके जवाब में इजराइल ने हमास को खत्म करने के लिए हवाई और जमीनी हमले शुरू किए।
गाजा स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक अब तक 73 हजार से ज्यादा फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं। इसमें लड़ाके और आम लोग दोनों शामिल हैं। इजरायल ने हमेशा इन आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि वे हमास के खिलाफ लड़ रहे हैं जो आम लोगों को ढाल बनाकर छिपता है।
Updated on:
22 Sept 2026 07:28 pm
Published on:
22 Sept 2026 07:28 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
