3 अक्टूबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

ओमान के पास तेल के टैंकर पर मिसाइल से हमला, बाल-बाल बचे लोग, क्या खाड़ी में फिर बढ़ रहा है खतरा?

Attack on tanker off Oman: ओमान के पास कच्चे तेल के टैंकर पर अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला, UKMTO के मुताबिक सभी क्रू सुरक्षित। जानें खाड़ी में भारतीय नाविकों की स्थिति और ताजा अपडेट।
2 min read
Google source verification
Strait of Hormuz

तेल टैंकर पर हमला (फोटो- ANI)

Projectile hits crude oil tanker: ओमान के तट के पास एक कच्चे तेल टैंकर पर मिसाइल से हमला हुआ है। ब्रिटेन की समुद्री निगरानी संस्थान UKMTO ने बताया कि जहाज के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। संगठन ने कहा कि ओमान से करीब 4 नॉटिकल मील पूर्व में टैंकर पर मिसाइल जैसी चीज से हमला हुआ। टैंकर के कैप्टन ने बताया कि जहाज के बाईं तरफ (पोर्ट साइड) एक अज्ञात प्रोजेक्टाइल आकर लगा।

संस्था के मुताबिक सभी क्रू सदस्य ठीक हैं और अभी तक समुद्र में तेल रिसाव या किसी और पर्यावरणीय नुकसान की खबर नहीं है। मामले की जांच चल रही है। इलाके से गुजरने वाले जहाजों को सावधानी बरतने और कुछ भी संदिग्ध दिखे तो तुरंत यूकेएमटीओ को बताने की सलाह दी गई है।

होर्मुज में भी टैंकर पर हुआ था हमला

गौरतलब बात यह है कि इससे पहले भारतीय दूतावास ने जानकारी दी थी कि होर्मुज जलडमरूमध्य में कुवैत के झंडे वाले टैंकर एमटी काजिमा III पर प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ था। इस जहाज पर सवार पांच भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालकर किनारे पहुंचा दिया गया।

मस्कट में भारतीय दूतावास ने X पर बताया कि उसने इस बचाव अभियान में समन्वय किया और मदद के लिए ओमान के अधिकारियों का धन्यवाद किया। समुद्री जहाजों को ट्रैक करने वाली वेबसाइटों के अनुसार, यह टैंकर कच्चा तेल लेकर अफ्रीकी देश टोगो के लोमे बंदरगाह की ओर जा रहा था।

खाड़ी में भारतीय नाविकों की स्थिति

भारत सरकार खाड़ी क्षेत्र में काम कर रहे अपने नाविकों की सुरक्षा पर नजर रखे हुए है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बीते दिनों मीडिया ब्रीफिंग में बताया कि फारस की खाड़ी में इस समय 6 भारतीय झंडे वाले और 6 विदेशी झंडे वाले जहाज हैं, जो भारत के लिए माल ला रहे हैं। यानी कुल 12 जहाज हैं। इन पर करीब 163 भारतीय नाविक सवार हैं। इसके अलावा इस इलाके में चल रहे अलग-अलग व्यावसायिक जहाजों पर 4,500 से ज्यादा भारतीय नाविक काम कर रहे हैं।

रणधीर जायसवाल ने कहा कि शिपिंग मंत्रालय भारतीय दूतावासों और स्थानीय एजेंसियों के साथ मिलकर जहाजों की आवाजाही और नाविकों की सलामती पर नजर रख रहा है। जरूरत पड़ने पर दूतावासों और अन्य संबंधित पक्षों के जरिए मदद दी जाएगी। उन्होंने कहा कि विदेशों में काम कर रहे भारतीय नाविकों की सुरक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

बढ़ा है समुद्री खतरा

ताजा घटनाएं ऐसे समय में सामने आई हैं जब फारस की खाड़ी, लाल सागर और काला सागर जैसे अहम समुद्री रास्तों पर सुरक्षा का खतरा बढ़ा हुआ है। इन इलाकों में व्यावसायिक जहाजों पर बार-बार हमले होते रहे हैं। ओमान के पास हुए इस ताजा हमले के हालात की जांच अभी जारी है।