
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन (फोटो- X@MEA_Russia)
Putin-Pezeshkian Meeting: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मध्य पूर्व में चल रहे सैन्य संघर्ष को खत्म करने और तनाव कम करने के लिए हर संभव मदद की पेशकश की है। तुर्कमेनिस्तान की राजधानी में कॉमनवेल्थ ऑफ इंडिपेंडेंट स्टेट्स'(CIS) शिखर सम्मेलन के दौरान ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के साथ द्विपक्षीय बैठक में पुतिन ने कहा कि रूस स्थिति को सुलझाने में योगदान देने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि इस युद्ध के लिए ईरान कतई जिम्मेदार नहीं है, बल्कि उसने संघर्ष को रोकने के लिए सच्ची कोशिशें की हैं।
रूसी समाचार एजेंसी TASS के अनुसार, राष्ट्रपति पुतिन ने बैठक के दौरान कहा कि रूस स्थिति के कूटनीतिक समाधान में योगदान देने के लिए अपनी शक्ति और अधिकार के दायरे में सब कुछ करने को तैयार है। पुतिन ने कहा कि तेहरान ने अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान के खिलाफ छेड़े गए युद्ध को खत्म करने के लिए वास्तविक और ईमानदार प्रयास किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान के विरोधियों की एकतरफा नीतियां ही इस संघर्ष के लिए जिम्मेदार हैं।
ईरानी राष्ट्रपति कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने कहा कि ईरान कभी भी कूटनीतिक समाधान के रास्ते से पीछे नहीं हटेगा। पेजेशकियन ने कहा कि हालांकि वे बातचीत और वार्ता की प्रक्रिया के लिए प्रतिबद्ध हैं, लेकिन जब भी बातचीत होती है तो अमेरिका अक्सर नए हमले शुरू कर देता है। फिर भी वे बातचीत की मेज पर बने हुए हैं।
पेजेशकियन ने संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका के एकतरफा कदमों का विरोध करने के लिए रूस का आभार व्यक्त किया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ईरान युद्ध को खत्म करना चाहता है, लेकिन वह ऐसा कोई समझौता स्वीकार नहीं करेगा जो उसके संप्रभु अधिकारों की अनदेखी करता हो।
तुर्कमेनिस्तान में हुई इस अहम बैठक में दोनों देशों के प्रमुखों ने युद्ध और कूटनीतिक समाधानों के अलावा रूस और ईरान के बीच आर्थिक, व्यापारिक और रणनीतिक सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर भी चर्चा की। दोनों देशों ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। रूस और ईरान पहले से ही कई क्षेत्रीय और रणनीतिक मुद्दों पर मिलकर काम कर रहे हैं।
Updated on:
09 Oct 2026 08:26 am
Published on:
09 Oct 2026 08:26 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
