1 अक्टूबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Flydubai Flight FZ1073: ट्रंप ने भारतीय पायलट स्मित मच्छार को बताया ‘हीरो’, भारतीय दूतावास ने बताया अब कैसी है हालत

Smit Machchhar Hero: आसमान में अचानक बदले हालात ने फ्लाइट FZ1073 के यात्रियों को दहला दिया। कॉकपिट की हिंसा के बीच विमान ने तेजी से ऊंचाई खोई, लेकिन कुछ यात्रियों की सूझबूझ और क्रू की कार्रवाई ने हालात पलट दिए।
4 min read
Google source verification

भारत

•

image

Manoj Vashisth

•

Oct 01, 2026

Trump praises Indian pilot

Trump praises Indian pilot: ट्रंप ने भारतीय पायलट की तारीफ की (फोटो सोर्स:@aljazeera.com)

Trump Praises Indian Pilot: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक नियमित उड़ान अचानक आसमान में जिंदगी और मौत की जंग में बदल गई। कॉकपिट में हुए हिंसक हमले के बाद विमान तेजी से नीचे आया और यात्रियों में दहशत फैल गई। घायल भारतीय कप्तान स्मित मच्छार ने इसके बावजूद ऐसा कदम उठाया, जिसने बचाव का रास्ता खोला। यात्रियों और विमान में मौजूद अन्य पायलटों की मदद से आखिरकार विमान सऊदी अरब के तबूक में सुरक्षित उतरा।

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 बुधवार को उस समय संकट में फंस गई, जब उड़ान के दौरान कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। घटना के दौरान भारतीय कप्तान स्मित मच्छार घायल हुए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए मच्छार को ‘हीरो’ बताया और उनकी बहादुरी की तारीफ की। यह जानकारी ANI की रिपोर्ट के हवाले से सामने आई है।

रिपोर्टों के मुताबिक, सह-पायलट ने कथित तौर पर कप्तान पर चाकू से हमला किया। इसी दौरान विमान का नियंत्रण प्रभावित हुआ और बोइंग 737 मैक्स 8 ने बेहद तेजी से ऊंचाई खोनी शुरू कर दी। फ्लाइट-ट्रैकिंग आंकड़ों के अनुसार विमान करीब 34 हजार फीट की ऊंचाई से कुछ ही समय में लगभग 14 हजार फीट नीचे आ गया। एक अन्य रिपोर्ट में लगभग 17 हजार फीट तक की गिरावट का उल्लेख है।

स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि विमान से पहले सामान्य आपातकालीन कोड 7700 और बाद में 7500, यानी गैरकानूनी हस्तक्षेप का संकेत, प्रसारित हुआ। इसके बाद विमान का रास्ता बदला गया और वह सऊदी अरब के तबूक की ओर मुड़ गया। इजरायल की ओर से भी सुरक्षा प्रतिक्रिया के तहत लड़ाकू विमान सक्रिय किए गए।

ट्रंप ने घटना पर टिप्पणी करते हुए यह भी कहा कि उन्हें कुछ जानकारी इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मिली थी और उन्होंने खुद स्वीकार किया कि वह सभी विवरणों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं कर सकते। वहीं नेतन्याहू ने कप्तान मच्छार की बहादुरी की सार्वजनिक रूप से सराहना की है।

भारतीय दूतावास, रियाद के आधिकारिक बयान के अनुसार, रियाद स्थित दूतावास और जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास पायलट की स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं। मिशन ने बताया कि स्मित मच्छर को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उनकी सेहत को लेकर पूरी और विस्तृत मेडिकल जानकारी का इंतजार है, हालांकि शुरुआती जानकारी में उनकी हालत स्थिर बताई गई है।

दूतावास ने पायलट के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। साथ ही भारतीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वे स्मित मच्छर के परिवार के संपर्क में हैं और सऊदी अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय कर रहे हैं। भारतीय मिशन ने परिवार को भरोसा दिलाया है कि पायलट के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की कोशिश जारी रहेगी।

यात्री की जुबानी: 'लगा 9/11 दोबारा हो रहा है'

चैनल 12 से बात करने वाले यात्री डैनियल ने बताया कि कॉकपिट का दरवाजा हल्का खुला था और उन्होंने देखा कि किसी को बाहर धकेलने की कोशिश की गई। उनके मुताबिक विमान का गोता खाना और चक्कर लगाना दो-तीन मिनट तक चला। उन्होंने फर्श पर खून और कुछ लोगों को घायल पायलट को बाहर लाते हुए देखा।

तीन 'हीरो' और घबराई हुईं दो फ्लाइट अटेंडेंट

कॉकपिट से लड़ाई की आवाजें आईं तो यात्री डैनियल के पीछे बैठे तीन इजरायली यात्री देखने पहुंचे। डैनियल के मुताबिक इन्हीं तीनों ने हमलावर को काबू किया। उन्होंने कहा, 'वे तीनों असली हीरो हैं।' इसके बाद विमान में मौजूद दो अन्य पायलटों ने कमान संभाली। कुछ रिपोर्टों में इन्हें ऑफ-ड्यूटी पायलट बताया गया है। दोनों ने खुद को कॉकपिट में बंद कर लिया और शुरू में यात्रियों से बात नहीं की। केबिन में फ्लाईदुबई की दो अटेंडेंट घबराई हुई थीं और हालात संभाल नहीं पा रही थीं। पायलट ने जब लैंडिंग की घोषणा की, तब यात्रियों ने राहत की सांस ली।

हाईजैक या साजिश? जांच के घेरे में तीन आशंकाएं

एक इजरायली अधिकारी ने कहा कि इरादा जो भी रहा हो, संदिग्ध ने हाईजैक की कोशिश जरूर की। इजरायली मीडिया ने संदिग्ध को ओमानी नागरिक बताया है, पर आधिकारिक पुष्टि नहीं है। येरूशलम पोस्ट और टाइम्स ऑफ इजरायल के हवाले से कहा गया कि बड़ी तबाही टल गई। डैनियल को भी 'निश्चित रूप से' आतंकी हमला लगा।

क्या चाहता था संदिग्ध?

जांच इस पर है कि वह विमान को इजरायल ले जाना चाहता था, जमीन पर गिराना चाहता था या 9/11 जैसा हमला करना चाहता था। एक रिपोर्ट में आत्महत्या की कोशिश की आशंका भी बताई गई है।

सऊदी अरब की जमीन पर फंसे इजरायली

नेतन्याहू कार्यालय ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है। सेना प्रमुख इयाल जमीर ने वायुसेना कमांडर के साथ समीक्षा की। फ्लाईदुबई ने सुरक्षित लैंडिंग की पुष्टि की और अपडेट देते रहने की बात कही। इजरायल और सऊदी अरब के बीच औपचारिक राजनयिक संबंध नहीं हैं। यात्री तबुक में हैं, जहां सऊदी सुरक्षा बल भारी संख्या में तैनात हैं। इजरायल उन्हें नागरिक या सैन्य विमान से लाने के लिए समन्वय कर रहा है। लैंडिंग के बाद की तस्वीरों में देखा गया है कि विमान के राडार को नुकसान पहुंचा है।

एफजेड1073 - एक नजर में

फ्लाइट: एफजेड1073, फ्लाईदुबई (एमिरेट्स की कम किराए वाली सहयोगी)

विमान: बोइंग 737 मैक्स 8

यात्री: करीब 180, इनमें 100 से ज्यादा इजरायली

रूट, डाइवर्शन और लैंडिंगः दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट ढाई घंटे बाद जॉर्डन के ऊपर थी, इमरजेंसी सिग्नल गया। मुड़ने के बाद विमान एक मिनट में 17 हजार फीट नीचे आया और इसके बाद इजरायली फाइटर जेट की निगरानी में सऊदी अरब के ताबुक में उतरा।