
Flydubai फ्लाइट और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू। (फोटो- ANI)
Israel flight emergency landing: दुबई से तेल अवीव जा रही Flydubai की फ्लाइट FZ1073 बुधवार को अचानक बड़े संकट में फंस गई। दो पायलटों के बीच आसमान में हाथापाई होने लगी, जिसके बाद विमान को क्रैश कराने की कोशिश की गई।
इस विमान में करीब 180 सवार थे, जिनकी जान काफी मुश्किल से बची। अब इस मामले में इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का बड़ा बयान सामने आया है।
पीएम नेतन्याहू ने इस घटना के बारे में एक यात्री से बात की। इसके बाद, उन्होंने एक पायलट पर एक्शन लिया है। मीडिया से बातचीत में नेतन्याहू ने बताया कि विमान के एक पायलट ने दूसरे पायलट पर चाकू से हमला किया और कथित तौर पर विमान को गिराने की कोशिश की। हालात बिगड़ने पर विमान को सऊदी अरब के तबुक की ओर मोड़ना पड़ा, जहां उसने सुरक्षित लैंडिंग की।
नेतन्याहू ने इस घटना को सुरक्षा से जुड़ी बहुत गंभीर घटना बताया है। साथ ही उन्होंने बताया कि विमान में सवार एक इजराइली यात्री से उनकी बात हुई तो पता चला कि पायलटों के बीच झड़प के बाद विमान अनियंत्रित होकर नीचे की ओर चला गया। इससे साफ है कि फ्लाइट को क्रैश करने की कोशिश थी।
नेतन्याहू ने आगे कहा- इजराइली यात्री क्रू के एक सदस्य के साथ कॉकपिट में घुसने में कामयाब रहे और दोनों ने मिलकर उस पायलट को काबू में किया जो विमान के सिस्टम को खराब करने की कोशिश कर रहा था। विमान के बाकी क्रू सदस्य भी कॉकपिट में आए और विमान को स्थिर करने में सफल रहे।
नेतन्याहू ने बताया कि पायलट को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा- अभी सऊदी अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं। हम संबंधित अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं ताकि यात्रियों की सुरक्षा बनी रहे और उनकी जल्द घर वापसी सुनिश्चित हो सके। मैंने सुरक्षा एजेंसियों को भविष्य में संभावित खतरों से निपटने की तैयारी करने का निर्देश दिया है।
शुरुआत में इस घटना को विमान हाईजैक होने की आशंका के तौर पर देखा गया था। विमान से आपातकालीन संकेत भेजे गए थे। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, विमान करीब 33 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, लेकिन कुछ ही समय में इसकी ऊंचाई तेजी से घटकर करीब 17 हजार फीट तक पहुंच गई। इसी दौरान विमान ने अपना रास्ता बदला और सऊदी अरब की तरफ लौट गया।
घटना के बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर उतारा गया। सऊदी अधिकारियों के मुताबिक, विमान ने करीब 9:45 बजे सुरक्षित लैंडिंग की। दोनों पायलटों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जबकि यात्रियों को एयरपोर्ट टर्मिनल में ले जाया गया। फ्लायदुबई ने भी पुष्टि की कि विमान ने तबुक में सुरक्षित लैंडिंग की और कंपनी संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है।
Updated on:
30 Sept 2026 08:19 pm
Published on:
30 Sept 2026 08:19 pm
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
