
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की (फोटो- X@ZelenskyyUa)
Russia-Ukraine War: रूस की ओर से यूक्रेन पर बढ़ते मिसाइल और ड्रोन हमलों के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने युद्ध खत्म करने के लिए कूटनीतिक कोशिशों की जरूरत पर जोर दिया है। जेलेंस्की ने उम्मीद जताई कि अमेरिका इस महीने यानी अक्टूबर में एक अहम त्रिपक्षीय बैठक आयोजित करने में सफल रहेगा। उन्होंने कहा कि यूक्रेन शांति बहाली के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन अब यह अमेरिका और वैश्विक सहयोगियों की जिम्मेदारी है कि वे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को हिंसा और हमलों का रास्ता छोड़ने और बातचीत की मेज पर आने के लिए मजबूर करें।
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन कूटनीतिक चैनलों को सक्रिय करने के सभी रास्ते तलाश रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अमेरिका अक्टूबर में त्रिपक्षीय बैठक बुलाने में सफल होगा। जेलेंस्की ने कहा, "हमारी टीम बातचीत के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन इसके लिए रूस की ओर से भी तैयारी की जरूरत है। यह जरूरी है कि रूस के लिए भी कूटनीति प्राथमिकता बने। फ़िलहाल, वे सिर्फ यूक्रेन पर हमला करने और यूरोप को अस्थिर करने पर ध्यान दे रहे हैं।"
रूस की आक्रामकता को लेकर जेलेंस्की ने बताया कि रूस ने ड्रोन हमले का इस्तेमाल करके ब्लैक सी के तटस्थ जल क्षेत्र में मक्का ले जा रहे एक नागरिक मालवाहक जहाज को डुबो दिया। जहाज का संचालन तुर्की कर रहा था और इसके चालक दल में भारत और अजरबैजान के नागरिक शामिल थे। हमले में जहाज के कप्तान की मौत हो गई, जबकि चालक दल का एक अन्य सदस्य लापता है। इसके अलावा, खार्किव में रूस की हवाई बमबारी का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि मलबे से शव बरामद किए गए हैं और 50 से ज्यादा नागरिक घायल हुए हैं।
जेलेंस्की ने हवाई सुरक्षा क्षमताओं को मजबूत करने के लिए कई यूरोपीय नेताओं के साथ कूटनीतिक बातचीत की। उन्होंने बताया कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ समझौता हुआ है, जिसके तहत यूक्रेनी पायलट अब अत्याधुनिक राफेल फाइटर जेट्स की ट्रेनिंग शुरू करेंगे। वहीं नीदरलैंड के प्रधानमंत्री डिक स्कूफ और पोलैंड के नेताओं के साथ बातचीत के बाद F-16 विमानों के लिए गोला-बारूद के नए पैकेज यूक्रेन भेजे जा रहे हैं। इन विमानों का इस्तेमाल जेट-पावर्ड 'शहेद' ड्रोन को मार गिराने के लिए किया जाता है।
जेलेंस्की ने बताया कि यूक्रेन के एनर्जी और आम नागरिकों से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर की सुरक्षा के लिए नए एयर डिफेंस सिस्टम और मिसाइलों के कॉन्ट्रैक्ट को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ड्रोन इंटरसेप्टर यूनिट के लिए फंड जारी कर दिया गया है। जेलेंस्की ने सहयोगी देशों से बड़ी संख्या में एंटी-बैलिस्टिक मिसाइल सिस्टम तुरंत उपलब्ध कराने की अपील की है।
Updated on:
06 Oct 2026 07:38 am
Published on:
06 Oct 2026 07:38 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
