
Income Tax Raid in Agra: उत्तर प्रदेश के आगरा में जूता कारोबारियों के घर पर पिछले चार दिन से इनकम टैक्स की कार्रवाई चल रही है। सूत्रों का कहना है कि जूता कारोबारियों के घर से अब तक इनकम टैक्स की टीम को मिले रुपये ले जाने के लिए दो कैश वैन लगानी पड़ी है। दोनों कैश वैन नोटों के बंडलों से फुल हो गईं। हालांकि चौथे दिन मंगलवार को भी इनकम टैक्स की कार्रवाई जारी है। ऐसे में अभी और रुपये मिलने की संभावना है।
आगरा के जूता कारोबारियों पर आयकर विभाग के इन्वेस्टिगेशन विंग के छापे का कार्रवाई चौथे दिन भी जारी है। अब तक इतनी बड़ी रकम मिल चुकी है, कि दो कैश वैन नोटों से फुल हो गईं। कैश वैन से इन नोटों को करेंसी चेस्ट में भेजकर जमा कराया गया। आगरा के तीनों जूता कारोबारियों से तीन दिन में 11,200 से ज्यादा नोटों के बंडल डबल बेड और अलमारियों में मिले हैं। इस रकम को बैंक की कैश जमा करने वाली वैन से करेंसी चेस्ट में भेजकर जमा कराया गया।
इसके अलावा लगभग 40 करोड़ रुपये की पर्चियां भी कारोबारियों के पास से मिली हैं जिनका भुगतान किया जाना था। प्रतिष्ठानों से मिले आभूषणों की कीमत का भी आंकलन किया जा रहा है। आयकर विभाग के मुताबिक तीनों जूता कारोबारियों के ठिकानों पर यह छापा चौथे दिन मंगलवार को भी जारी है। इन्वेस्टिगेशन विंग के जॉइंट डायरेक्टर अमरजोत के निर्देशन में एमजी रोड स्थित बीके शूज के अशोक मिड्डा, मंशु फुटवियर के हरदीप मिड्डा और हरमिलाप ट्रेडर्स के रामनाथ डंग के घर और प्रतिष्ठान पर छापा मारा गया। सोमवार को कार्रवाई का तीसरा दिन था। जबकि मंगलवार यानी चौथे दिन भी अफसरों की टीम कार्रवाई में जुटी है।
Updated on:
21 May 2024, 1:43 PM IST
Published on:
21 May 2024, 1:43 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.