
Ajmer News-Health : चिकित्सा मंत्री का गृह जिला नम्बर दो पर
अजमेर. चिकित्सा एवं स्वास्थ्य (medical and health)
सेवाओं की गुणवत्ता के आधार पर जारी की जाने वाली मिसाल जिला स्वास्थ्य वरियता सूची में अजमेर (ajmer) एक बार फिर दूसरे स्थान पर रहा है। रैंकिंग में इस बार भी सीकर जिला प्रथम स्थान पर रहा वहीं झुंझुनूं तीसरे स्थान पर है।
नीति आयोग के अनुसरण में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के आधार पर जिलावार सम्पूर्ण राजस्थान की रैंकिंग घोषित की गई है। इसमें तीन प्रकार की प्रक्रियाओं को अपनाया गया। रैंकिंग सिस्टम के माध्यम से मातृ, नवजात, शिशु स्वास्थ्य सूचकांक, पूर्ण टीकाकरण कवरेज, मरीजों की संतुष्टि, संस्थागत प्रसवों का प्रतिशत, प्रसव पूर्व जांच का कवरेज, परिवार कल्याण कार्यक्रम, टीबी सहित विभिन्न मापदंडों पर जिले का स्कोर कार्ड तैयार किया गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (cmho) डॉ. के.के.सोनी ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंस हुई थी। इस दौरान मिसाल डिस्ट्रिक्ट हैल्थ रैंकिंग जून 2019 जारी की गई। इसमें सीकर पहले, अजमेर दूसरे और झुंझुनू तीसरे स्थान पर रहे हैं। इसके साथ ही अप्रेल से जून तक की रैंकिंग में भी अजमेर दूसरे स्थान पर रहा है। इसके बाद झालावाड़, कोटा, धोलपुर, गंगानगर, चित्तौडगढ़़, हनुमागढ़, राजसमंद, नागौर, बीकानेर, उदयपुर, पाली, चूरू, बूंदी, भरतपुर, जोधपुर, बांसवाड़ा, जालोर, सिरोही, भीलवाड़ा, अलवर, टोंक, दौसा, बारां, जयपुर द्वितीय, करौली, जयपुर प्रथम, जैसलमेर, बाड़मेर, प्रतापगढ़ और डूंगरपुर का नाम है।
इनका कहना है
सभी के प्रयासों से अजमेर इस बार भी राज्य में दूसरे नम्बर पर रहा है। यह हमारे लिए अच्छी बात है कि रैंकिंग गिरने नहीं दी। हम पूरा प्रयास कर रहे हैं कि अजमेर पहले स्थान पर रहे।
-डॉ.के.के.सोनी, सीएमएचओ
Published on:
24 Jul 2019, 6:30 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.