
UPSC EXAM NEWS : यूपीएससी परीक्षा की तैयारी के लिए मुफ्त कोचिंग अगले महीने
अजमेर. सिविल सेवा परीक्षा (upsc exam) देने वाले राज्य के मुस्लिम (muslim) प्रतिभागियों को अजमेर (ajmer) में मुफ्त कोचिंग (free coaching) दी जाएगी। उनके रहने और खाने की व्यवस्था भी की जाएगी। मुफ्त कोचिंग के लिए मुस्लिम प्रतिभागियों का चयन साक्षात्कार (interview) के जरिए किया जाएगा। दरगाह कमेटी की शुक्रवार को हुई बैठक में यह निर्णय किया गया।
दरगाह कमेटी अध्यक्ष अमीन पठान ने बताया कि मुफ्त कोचिंग अक्टूबर के अंतिम पखवारे में शुरू कर देंगे। कोशिश रहेगी कि 50 सीटों के लिए 25 छात्राएं और 25 छात्रों का चयन किया जाए। उन्होंने बताया कि केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलात मंत्रालय से इस संबंध में बजट की मांग की जाएगी। वहां से बजट उपलब्ध नहीं होता है तब तक दरगाह कमेटी स्वयं के खर्चे पर कोचिंग क्लासेज चलाएगी।
पिछले दिनों सेंट्रल हज कमेटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मकसूद अहमद अजमेर आए। उन्होंने भी दरगाह कमेटी से इस संबंध में जानकारी ली। दरगाह कमेटी सदर अमीन पठान ने बताया कि सेंट्रल हज कमेटी के मुम्बई स्थित मुख्यालय में सिविल सेवा के मुस्लिम प्रतिभागियों को पिछले सात साल से कोचिंग दी जा रही है। इसे देखते हुए केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलाल मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी की इच्छा है कि सभी राज्यों में इस तरह की व्यवस्था की जाए। दरगाह कमेटी ने इस संबंध में प्रस्ताव बना कर भेजा था। इसके सकारात्मक संकेत मिले हैं, जल्द ही अजमेर में यह सुविधा शुरू हो जाएगी।
दरगाह बाजार को चौड़ा करने के लिए करेंगे बात
कमेटी अध्यक्ष पठान ने बताया कि दरगाह बाजार में दुकानों के आगे हो रखे अतिक्रमण को हटानेे लिए मोहर्रम के बाद जिला प्रशासन से बातचीत की जाएगी। इससे दरगाह बाजार चौड़ा होगा और जायरीन को आवाजाही में सुविधा होगी। दरगाह बाजार में मार्बल बिछाने का कार्य भी इसके बाद ही शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दरगाह में होने वाले विकास कार्यों की शुरुआत जल्द कर दी जाएगी। कायड़ विश्राम स्थली में डोरमेंट्री निर्माण के लिए राज्यसभा सांसदों से भी राशि मांगी जाएगी।
Published on:
7 Sep 2019, 3:20 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.