
ABVP का प्रदर्शन (फोटो - पत्रिका)
छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग एक बार फिर तेज होती नजर आ रही है। शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की बाबू शोभाराम राजकीय कला महाविद्यालय इकाई ने कॉलेज परिसर में प्रदर्शन कर सरकार और प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शन के बाद परिषद के पदाधिकारियों ने महाविद्यालय प्राचार्य को ज्ञापन सौंपते हुए छात्रसंघ चुनाव जल्द कराने और छात्रहित से जुड़ी पंचसूत्रीय मांगों पर कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव केवल एक चुनावी प्रक्रिया नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का लोकतांत्रिक अधिकार है। उनका कहना था कि छात्रसंघ के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं उठाने और उनके समाधान के लिए मंच मिलता है। ऐसे में लंबे समय से चुनाव नहीं होने से छात्रों की आवाज कमजोर हो रही है।
जिला संयोजक विजय यादव ने कहा कि राज्य सरकार को बिना देरी किए छात्रसंघ चुनाव की घोषणा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि परिषद लगातार छात्रहित के मुद्दों को उठाती रही है और इस बार भी पंचसूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन इन मांगों को संबंधित स्तर तक पहुंचाकर जल्द सकारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।
परिषद ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि मांगों पर समय रहते निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इसके लिए अलवर जिले के अन्य महाविद्यालयों में भी छात्र-छात्राओं को जोड़कर चरणबद्ध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रदर्शन के दौरान कॉलेज परिसर में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। ज्ञापन कार्यक्रम में इकाई अध्यक्ष शुभम सोनी, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य प्रिंस अत्रि, अजय पंडित, अजय जाट, यश, बलवंत वर्मा, शाहरुख सहित कई कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सभी ने एक स्वर में छात्रसंघ चुनाव जल्द कराने और विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान की मांग दोहराई। कॉलेज परिसर में प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
एबीवीपी पदाधिकारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करना और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सरकार तक पहुंचाना है। अब विद्यार्थियों की नजर इस बात पर रहेगी कि उनकी मांगों पर प्रशासन और सरकार क्या निर्णय लेते हैं। गौरतलब है कि प्रदेशभर में स्टूडेंट्स चुनाव को लेकर लगातार आंदोलन कर रहें है। छात्रों ने जल्द चुनावों पर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है।
Updated on:
07 Aug 2026 04:59 pm
Published on:
07 Aug 2026 04:59 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
