4 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

BJP की बाड़ाबंदी में दिवाली पर परिवार के साथ रहने की ‘आजादी’ मांग रहे प्रत्याशी

अलवर में जिला परिषद चुनाव (Zila Parishad Election) के बीच भाजपा की बाड़ाबंदी (Political Camp) में रह रहे प्रत्याशी अब दिवाली पर परिवार के पास लौटना चाहते हैं। करीब 8 से 10 प्रत्याशियों ने पांच दिन के लिए घर जाने की इच्छा जताई है। महिला प्रत्याशियों को बच्चों के साथ त्योहार मनाने की चिंता है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अलवर

•

image

Rajendra Banjara

•

Updated: 4 Nov 2026, 12:03 PM IST

alwar bjp

दिवाली पर घर जाना चाहते हैं भाजपा प्रत्याशी

अलवर में जिला परिषद और पंचायत चुनाव के बीच भाजपा की बाड़ाबंदी में रह रहे जिला पार्षद प्रत्याशियों के सामने अब दिवाली का त्योहार मनाने को लेकर असमंजस की स्थिति है। पार्टी की ओर से कई प्रत्याशियों को गुवाहाटी में ठहराया गया है। ऐसे में प्रत्याशी पांच दिन के लिए घर लौटकर परिवार के साथ दिवाली मनाना चाहते हैं। बताया जा रहा है कि करीब 8 से 10 प्रत्याशियों ने घर जाने की इच्छा जताई है, लेकिन पार्टी के नेता फिलहाल उन्हें छोड़ने के लिए तैयार नहीं हैं।

बच्चों के साथ दिवाली मनाना चाहती हैं महिला प्रत्याशी

बाड़ाबंदी में रह रहे प्रत्याशियों का कहना है कि चुनाव अपनी जगह है, लेकिन दिवाली साल का बड़ा त्योहार है। इस मौके पर परिवार के साथ रहना भी जरूरी है। खासकर महिला प्रत्याशियों को अपने बच्चों के साथ दिवाली मनाने की चिंता सता रही है। वे कुछ दिनों के लिए घर लौटना चाहती हैं, ताकि परिवार के साथ त्योहार मना सकें।

दूसरी ओर, बाड़ाबंदी की जिम्मेदारी संभाल रहे पार्टी नेताओं का तर्क है कि चुनावी समीकरणों को देखते हुए सभी प्रत्याशियों को एकजुट रखना जरूरी है। ऐसे में प्रत्याशियों को घर जाने की अनुमति देने से पार्टी की रणनीति प्रभावित हो सकती है।

गुवाहाटी में ठहरे हैं भाजपा के प्रत्याशी

भाजपा के कई जिला पार्षद प्रत्याशी इन दिनों गुवाहाटी में ठहरे हुए हैं। पार्टी का दावा है कि उसके खेमे में 41 सदस्य प्रत्याशी हैं। इनमें 15 महिलाएं शामिल हैं। कुछ प्रत्याशी अभी अलवर में ही हैं, लेकिन उन पर भी गुवाहाटी पहुंचने का दबाव बनाया जा रहा है। इस बीच चर्चा है कि कुछ कांग्रेस प्रत्याशी भी गुवाहाटी में भाजपा के खेमे तक पहुंच गए हैं।

1850 किलोमीटर दूर से घर लौटना भी चुनौती

गुवाहाटी और अलवर के बीच करीब 1850 किलोमीटर की दूरी है। ऐसे में प्रत्याशियों के लिए दिवाली पर घर आना आसान नहीं है। सड़क मार्ग से आने-जाने में काफी समय लगेगा, जबकि हवाई यात्रा पर किराये के रूप में ज्यादा खर्च होगा। इसी वजह से प्रत्याशी भी असमंजस में हैं।

एक तरफ प्रत्याशी परिवार के साथ दिवाली मनाना चाहते हैं, वहीं दूसरी तरफ पार्टी चुनावी रणनीति के तहत बाड़ाबंदी जारी रखना चाहती है। अब देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व प्रत्याशियों की इस मांग पर क्या फैसला लेता है और उन्हें त्योहार पर घर जाने की अनुमति मिलती है या नहीं।