
नंगली सर्किल पर स्कूटी में लगी आग (फोटो - पत्रिका)
अलवर शहर के नंगली सर्किल (Nangli Circle) पर सोमवार सुबह एक स्कूटी में आग (Scooter Fire) लगने से अफरा-तफरी मच गई। अचानक स्कूटी से आग की लपटें उठने लगीं और कुछ ही देर में आग ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना के करीब 15 मिनट बाद दमकल मौके पर पहुंची और आग बुझाई।
हादसा सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। आग लगने की जानकारी मिलते ही नंगली सर्किल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्कूटी में आग इतनी तेजी से फैली कि करीब 20 मिनट में वाहन पूरी तरह जल गया। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने (Fire Control) का काम शुरू किया और कुछ देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार डीग निवासी श्याम सुंदर अपनी 2016 मॉडल हीरो मैस्ट्रो स्कूटी (Hero Maestro Scooter) बेचने के लिए नंगली सर्किल स्थित खरीद-बिक्री की दुकान पर आए थे। बताया गया कि दुकानदार के साथ स्कूटी का 15 हजार रुपए में सौदा तय हो गया था। सौदा होने के बाद दुकानदार ने स्कूटी को चलाकर चेक किया। वाहन की जांच करने के बाद स्कूटी को वापस खड़ा कर वह दुकान के अंदर चला गया। इसी दौरान अचानक स्कूटी में आग लग गई। कुछ ही पल में आग की लपटें तेज हो गईं।
दुकानदार और आसपास मौजूद लोगों ने बाहर आकर देखा तो स्कूटी में आग (Fire in Scooter) तेजी से फैल रही थी। लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद दमकल को सूचना दी गई।
करीब 15 मिनट बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक स्कूटी पूरी तरह जल चुकी थी। आग इतनी तेज थी कि वाहन में केवल चेसिस (Chassis) ही बच पाया। घटना के दौरान अलवर नंगली सर्किल पर काफी संख्या में लोग जमा हो गए। अचानक आग लगने से कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि घटना में किसी व्यक्ति के झुलसने या घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है। स्कूटी में आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका।
Updated on:
05 Oct 2026 12:49 pm
Published on:
05 Oct 2026 12:49 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
