
अंबिकापुर. CG Crime: अंबिकापुर शहर के तकिया रोड में चोरों ने सूने मकान का ताला तोडक़र 30 हजार नकदी सहित 5 लाख से ज्यादा जेवरात पार कर दिए थे। इस मामले में पुलिस ने 5 आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने चोरी करने के बाद जेवरों को बिलासपुर स्थित आईसीआईसीआई बैंक में 4 लाख रुपए में गिरवी रख दिया था। इसके बाद उक्त रुपए को जुए व अय्याशी में खत्म कर दिए थे। पुलिस आरोपियों के कब्जे से मात्र 47 हजार रुपए तथा गिरवी रखे जेवरात को बैंक से बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर जेल दाखिल कर दिया है।
मामले की जानकारी देते हुए एएसपी अमोलक सिंह ने बताया कि समर प्रसाद जायसवाल कोतवाली क्षेत्र के तकिया रोड का रहने वाला है। बच्चों के स्कूल की छुट्टी होने पर 23 अपै्रल को मकान में ताला बंद कर सपरिवार अपने गृह ग्राम धंधापुर चला गया था। 17 मई को जब वापस लौटा तो मकान का ताला टूटा हुआ था। (CG Crime)
घर के अंदर आलमारी में रखे 30 हजार रुपए नकद सहित 5 लाख से ज्यादा के सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। फिर उसने मामले की रिपोर्ट 17 मई को कोतवाली में दर्ज कराई थी। पुलिस अज्ञात के खिलाफ धारा 457, 380, 413 के तहत अपराध दर्ज किया, वहीं एसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संयुक्त टीम का गठन किया था।
एएसपी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। इसके अलावा आरोपियों के आने एवं फरार होने के संभावित रास्तों के लगभग 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का भी अवलोकन किया गया था। इस आधार पर पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जिला कोरिया व मनेन्द्रगढ़ जिले के चिरमिरी रवाना हुई थी।
सरगुजा पुलिस ने चिरमिरी पुलिस की सहायता से घटना में शामिल आरोपी दीपक देवास (22), रिजवान रहमान (21) निवासी बड़ी बाजार टिकरापारा जिला एमसीबी, बादल कुशवाहा कान्छी (21) निवासी छोटी बाजार चिरमिरी थाना बड़ी बाजार जिला एमसीबी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने ग्राम कटकोना, थाना पटना कोरिया निवासी रामकुमार साहू के कहने पर अंबिकापुर जाकर चोरी करने की बात स्वीकार की।
इन आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने आरोपी रामकुमार साहू (32) को भी गिरफ्तार किया। रामकुमार साहू ने पुलिस को बताया कि इसकी जान पहचान अंबिकापुर निवासी अमित जायसवाल से है। अमित व राजकुमार ने मिलकर चोरी करने की योजना बाई थी। अमित ने तकिया में सूने मकान की रेकी कर राजकुमार को बताया था।
आरोपी रामकुमार साहू द्वारा चोरी करने के लिए दीपक देवास, रिजवान रहमान एवं बादल कुशवाहा को अंबिकापुर बुलाया था। यहां अमित जायसवाल व अन्य आरोपी द्वारा दोपहिया वाहन से घटनास्थल की रेकी की गई थी। 15 मई की रात को आरोपियों ने मकान का ताला तोडक़र चोरी (CG Crime) की घटना को अंजाम दिया था।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अलग-अलग फरार होकर रेलवे स्टेशन अम्बिकापुर के पास पहुचे थे। बाद में आरोपी रामकुमार साहू अपने मोटरसायकल से अम्बिकापुर आकर दीपक देवास एवं अन्य साथियों के साथ चोरी की गई।
कुछ दिन बाद मुख्य आरोपी रामकुमार साहू बिलासपुर आईसीआईसीआई बैंक जाकर सोने के गहनों को गिरवी रखकर 4 लाख रुपये नगद ले लिए थे और चांदी को अज्ञात व्यक्ति को 17 हजार रुपए में बेच दिया था।
प्राप्त रुपए में 1 लाख 5 हजार रुपये अमित जायसवाल को, १ लाख रुपए दीपक को, रिजवान को 15 हजार तथा बादल को 25 हजार रुपए दिए थे। उसने बाकी बचे रुपयों को जुआ व अय्याशी में खर्च करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपियों द्वारा गिरवी के रूप में बैंक में रखे गए सारे जेवरात को बरामद किया है। वहीं इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से 47 हजार नगद, दो नग बाइक व 5 नग मोबाइल भी जब्त किया है। पुलिस ने पांचों आरोपियों को जेल दाखिल कर दिया है।
Updated on:
5 Jun 2024, 8:36 PM IST
Published on:
5 Jun 2024, 8:36 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.