
Women body
अंबिकापुर. एक महिला ने 10 दिन पूर्व शराब के नशे में कीटनाशक का सेवन कर लिया था। परिजन महिला को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर आए। यहां उसकी इलाज के दौरान जब हालत सुधर गई तो डॉक्टरों ने उसे छुट्टी दे दी।
घर जाने के 3 दिन बाद महिला की तबियत फिर बिगड़ गई। इस बार परिजन महिला को प्राइवेट अस्पताल में लेकर पहुंचे लेकिन यहां उसकी जान नहीं बच सकी। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम उपरपोड़ी निवासी कौशल्या दीवान पति मान साय उम्र 35 वर्ष को शराब पीने की लत थी। महिला रोज की तरह 14 अक्टूबर की दोपहर शराब का सेवन कर नशे में मदहोश हो गई।
महिला नशे में इतनी धुत थी कि उसने घर में रखे कीटनाशक का सेवन कर लिया। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगडऩे लगी और वह उल्टी करने लगी। जब पति ने इस हाल में उसे देखा तो उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गया।
महिला की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे अंबिकापुर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन पीडि़त महिला को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया।
6 दिन में सुधर गई थी हालत
6 दिन तक उपचार चलने के बाद महिला की हालत सुधर गई। उसे ठीक होता देख डॉक्टरों ने अस्पताल से छुट्टी दे दी। परिजन महिला को घर लेकर आ गए लेकिन 3 दिन बाद फिर उसकी तबियत बिगडऩे लगी।
यह देख परिजन उसे गुरुवार को दोबारा अंबिकापुर लेकर आये और शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिये लेकिन डॉक्टर उसकी जान नहीं बच सके। इलाज के दौरान शुक्रवार की रात मौत हो गई। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।
Published on:
27 Oct 2018 07:23 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
