
सिमि वैली, कैलिफॉर्निया: उत्तर कोरिया को करारा जवाब देने के लिए अमरीका ने तैयारी शुरू कर दी है। अमरीका प्योंगयांग को मुहंतोड़ जवाब देने के लिए बाहरी इलाकों में उपकरण तैनात कर रहा है। अमरीका पश्चिमी तटों के सैन्य अड्डों पर नए मिसाइल विरोधी उपकरण स्थापित करने में जुटा है। गौरतलब है कि अमरीका के लगातार विरोध के बाद पिछले हफ्ते उत्तर कोरिया ने बैलिस्टिक मिसाइल परीक्षण किया था। जिसके बाद अमरीका ने अपने पश्चिमी तटों पर रक्षा ठिकानों की निगरानी बढ़ानी शुरू कर दी है। शनिवार को दो कांग्रेस सदस्यों ने बताया कि उत्तर कोरिया की ओर से मिसाइल दागे जाने की स्थिति से निपटने और गिराने के लिए अमरीका पश्चिमी तटों के सैन्य ठिकानों पर नए मिसाइल विरोधी उपकरण तैनात कर रहा है।
THAAD की तैनाती
कांग्रेस सदस्यों ने कहा कि पश्चिमी तट के सैन्य ठिकानों पर जल्द ही बैलेस्टिक मिसाइलों के हमले को देखते हुए टर्मिनल हाइ ऑल्टिट्यूट एरिया डिफेंस यानी THAAD तैनात किया जाएगा। बता दें कि दक्षिण कोरिया ने भी उत्तर कोरिया की ओर से हमले की आशंका को देखते हुए THAAD तैनात किया हुआ है।
पश्चिमी तटों पर मिसाइल की तैनाती
आर्म्ड सर्विसेज कमेटी के सदस्य और कांग्रेसमैन माइक रॉजर्स ने बताया कि मिसाइल डिफेंस एजेंसी (MDA), पश्चिमी तटों पर मिसाइल सुरक्षा व्यवस्था स्थापित करेगी। हालांकि, इस व्यवस्था के लिए साल 2018 के रक्षा बजट में कोई प्रावधान नहीं किया गया है। बताते चले कि MDA अमरीकी रक्षा विभाग की इकाई है। हालांकि माइक रॉजर्स ने यह नहीं बताया कि ऐंटी मिसाइल व्यवस्था कहां-कहां की जाएगी। बता दें कि THAAD मिसाइल डिफेंस सिस्टम से छोटी-मध्यम दूरी की मिसाइलों को गिराया जा सकता है । दक्षिण कोरिया और गुआम में THAAD पहले से तैनात हैं। इसके अलावा अमरीका के पास 7 अन्य THAAD हैं
नॉर्थ कोरिया ने किया था परीक्षण
बता दें कि नॉर्थ कोरिया ने एक बार फिर से दुनिया में हलचल पैदा कर दी है। दरअसल, बुधवार को नॉर्थ कोरिया ने करीब 2 महीने के बाद एक बार फिर से नए अंतरमहाद्वीपीय बैलेस्टिक मिसाइल का सफल परीक्षण किया है। इस बात की पुष्टि नॉर्थ कोरिया की सेना ने की है। उत्तर कोरिया के सरकारी टेलिविजन द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक नेता किम जोंग-उन ने ह्वासोंग-15 मिसाइल का परीक्षण करने की घोषणा की है। उत्तर कोरिया ने कहा है कि अब इस ICBM की जद में पूरा अमेरिकी महाद्वीप आ गया है। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नॉर्थ कोरिया के इस परीक्षण पर फिर से कड़ी नाराजगी जताई है। जापान, अमरीका और दक्षिण कोरिया ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में एक आपात बैठक के लिए अपील की।
Published on:
03 Dec 2017 05:00 pm
बड़ी खबरें
View Allअमरीका
विदेश
ट्रेंडिंग
