थाईलैंड। पिछले सप्ताह थाईलैंड के चियांग राय शहर के निकट थाम लुआंग नांन नोन गुफा से सकुशल निकाले गए 12 फुटबॉलर बच्चे और टीम के कोच दुनिया के सामने आने को तैयार है। बुधवार को सभी फुटबॉलर बच्चे पहली सार्वजनिक उपस्थिति दर्ज कराएंगे। पहली पब्लिक एपरियंस के लिए थाईलैंड की सरकार और दुनिया भर की मीडिया भी तैयार है। स्थानीय सरकार ने 45 मिनट की समाचार वार्ता का आयोजन किया है। इस टीवी कार्यक्रम का नाम है 'थाईलैंड मूव्स फॉरवर्ड'। प्रोग्राम में गुफा से बाहर आए बच्चे, उनके कोच और इस रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद करने वाले गोताखोर और अधिकारी पत्रकारों के सवाल देते हुए नजर आएंगे। न्याय मंत्रालय के अधिकारी तावचई थाईक्यू के अनुसार, " हम नहीं जानते हैं कि बच्चे अपने दिल में क्या जख्म लिए हुए हैं।" साथ ही उन्होंने मीडिया के ध्यान को बच्चों पर मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले असर का भी हवाला दिया। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, " मीडिया को पता है कि बच्चे एक मुश्किल दौर से गुजरे हैं, उन्होंने अपने ऊपर आए खतरे को दूर किया है अगर आप जोखिम भरे सवाल पूछते हैं तो यह कानून तोड़ सकता है। " इस प्रोग्राम को लेकर मीडिया मेें भी काफी दिलचस्पी देखी जा रही है। बता दें कि स्थानीय वक्त के मुताबिक कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कई टीवी चैनल शाम 6 बजे करेंगे।