
नई दिल्ली। उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन अपने अजीबोगरीब कारनामों की फेहरिस्त में एक नई बात जुड़ने जा रही है। दरअसल, शुक्रवार को उन्हें अंतर ऐतिहासिक अंतर कोरियाई सम्मेलन में शिरकत करने के लिए दक्षिण कोरिया जाना है। खास बात यह है कि इस यात्रा के लिए वे पैदल-पैदल ही उत्तर कोरिया से दक्षिण कोरिया जाएंगे। यह जानकारी एक विदेशी समाचार एजेंसी ने दी है।
इस रास्ते जाएंगे दक्षिण कोरिया
समाचार एजेंसी ने दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति कार्यालय ब्लू हाउस के हवाले से बताया कि किम जोंग उन दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति से दोनों कोरियाई देशों को विभाजित करने वाली सैन्य सीमांकन रेखा (एमडीएल) पर शुक्रवार सुबह 9.30 बजे मुलाकात करेंगे। किम जोंग दोनों कोरियाई देशों को विभाजित करने वाले सीमावर्ती पनमुंजोम गांव के बीच मौजूद ब्लू पवैलियन्स के बीच से एक तंग गलियारे से होते हुए एमडीएल को पार करेंगे। इसके बाद दोनों नेताओं को सम्मेलन स्थल पीस हाउस की ओर जाते समय ऑनर गार्ड दिए जाएंगे।
65 सालों बाद दक्षिण कोरिया जाएंगे उत्तर कोरियाई शासक
समाचार एजेंसी के मुताबिक, किम जोंग उन 1950-53 के कोरियाई युद्ध की समाप्ति के बाद से दक्षिण कोरिया की धरती पर कदम रखने वाले पहले उत्तर कोरियाई शासक होंगे। सियोल सरकार का कहना है कि स्वागत समारोह और औपचारिक वार्ता के बाद सम्मेलन का पहला दौर सुबह 10.30 बजे शुरू होगा। उत्तर कोरिया की ओर से नौ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में देश के ऑनरेरी अध्यक्ष किम योंग नैम, विदेश मंत्री री योंग हो और किम की बहन किम यो जोंग भी हैं। किम यो जोंग उत्तर कोरिया की वर्कर्स पार्टी के प्रोपेगैंडा एंड एजिटेशन डिपार्टमेंट की निदेशक हैं।
...यह होगा कार्यक्रम
किम यो जोंग ने दक्षिण कोरिया में शीतकालीन ओलम्पिक खेलों के दौरान सियोल का ऐतिहासिक दौरा भी किया था। सम्मेलन के सुबह के सत्र के बाद दोनों पक्ष एक सांकेतिक समारोह में साथ मिलकर पौधारोपण करने से पहले अलग-अलग दोपहर का भोजन करेंगे। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच संक्षिप्त और अनौपचारिक वार्ता भी होगी।
मून-किम करेंगे समझौते पर हस्ताक्षर
सियोल के एक प्रवक्ता के मुताबिक, इस बैठक के अंत में मून और किम जोंग उन एक समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे और एक ऐलान करेंगे। मून के कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, शाम 6.30 बजे एक भोज का आयोजन किया जाएगा, जिसमें किम जोंग उन की पत्नी री सोल जू के भी हिस्सा लेने की उम्मीद है। इसके बाद विदाई समारोह के साथ सम्मेलन खत्म होगा।
Updated on:
26 Apr 2018, 12:54 PM IST
Published on:
26 Apr 2018, 12:54 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.