
Lucky Gemstones: ज्योतिष शास्त्र में नौ रत्नों के अलावा भी कुछ अति विशेष रत्न माने जाते हैं। ये रत्न गहन शोध के बाद ही प्राप्त होते हैं। इन्हें प्रकृति का तोहफा कहा जाए तो गलत नहीं होगा। ज्योतिष शास्त्र में प्रकृति का यह तोहफा व्यक्ति के जीवन को प्रभावित करने वाला माना गया है। लेकिन यह रत्न तभी प्रभावशाली होते हैं, जब यह किसी व्यक्ति से जुड़ जाते हैं। यानी जब व्यक्ति इन्हें धारण करता है। हालांकि इनका शुभ और अशुभ प्रभाव व्यक्ति के जीवन पर देखा जा सकता है। इसीलिए कहा भी गया है कि इन्हें किसी एक्सपर्ट की सलाह पर ही धारण किया जाए, तो यह आपको हमेशा सुखी और खुशहाली जीवन की ओर ले जाते हैं। इनमें कुछ रत्न ऐसे हैं जिन्हें पहनने से भाग्य आपका साथ देने लगता है। पत्रिका.कॉम में रत्नशास्त्री संदीप सोनी आपको बता रहे हैं ऐसे रत्नों के बारे में जिनसे बदल सकती है आपकी किस्मत...
लेपिस या लाजवर्त
लेपिस एक नीले रंग का बहुत ही खूबसूरत रत्न है। इस पर सुनहरे छींटे पाए जाते हैं। ये दो सबसे शक्तिशाली ग्रहों को नियंत्रित करता है और वे हैं बृहस्पति और शनि ग्रह। जो लोग कुंभ राशि से कहीं न कहीं जुड़े हुए हैं उनके लिए यह रत्न बेहद प्रभावशाली माना गया है। ये रत्न चोट से रक्षा के लिए, भय दूर करने के लिए और आध्यात्मिक लाभ के लिए धारण किए जा सकते हैं। माना जाता है कि यह जितना ज्यादा नीला होगा, उतना ही प्रभावशाली भी होगा।
पेरिडॉट
पेरिडॉट एक चमकदार हरे रंग का रत्न है। ये रत्न दो ग्रहों को एक साथ नियंत्रित करता है। ये रत्न ज्ञान और बुद्धि के लिए सबसे ज्यादा प्रभावशाली माना गया है। पेरिडॉट को हमेशा अपनी राशि के हिसाब से ही धारण करना चाहिए। पेरिडॉट धारण करने से शिक्षा, व्यापार और नौकरी के क्षेत्र में सफलता के योग बनते हैं। ये रत्न मिथुन और कन्या राशि के लोगों के लिए लाभकारी होता है। साथ ही माना जाता है यह रत्न जो भी धारण करे वह बुरी संगत या आदतों से दूर रहता है। वहीं उसकी मधुर, कोमल वाणी के साथ ही आकर्षण क्षमता में लगातार वृद्धि होती है। रत्न शास्त्री संदीप सोनी बताते हैं कि पेरिडॉट धारण करने से मन शांत और पॉजिटिव बना रहता है। व्यक्ति की निर्णय क्षमता बढ़ती है। पेरिडॉट रत्न को मनी स्टोन भी कहा जाता है। इसलिए इसे धारण करने से आर्थिक स्थिति भी लगातार बेहतर होती जाती है। पेरिडॉट धारण करने वाले व्यक्ति के काम भी कभी नहीं अटकते। यह यश दिलाता है। इससे बुध ग्रह के दोष दूर होते हैं।
ओपल
ओपल रत्न को चमत्कारी रत्नों में सबसे ज्यादा प्रभावशाली माना जाता है। ओपल कई रंगों का होता है। सफेद और हल्के नीले रंग का ओपल ज्यादा प्रभावशाली माना जाता है। यह एक साथ तीन ग्रहों को प्रभावित करता है। ये रत्न जल तत्व को सबसे ज्यादा प्रभावित करता है और जल तत्व कर्क राशि से जुड़ा है। इसलिए कर्क राशि वालों के लिए यह लाभकारी होता है। भावनाओं को नियंत्रित करने के लिए, मन को संतुलित और शांत बनाए रखने के लिए भी इस रत्न को धारण किया जाता है।
Note: यहां ध्यान रखने योग्य यह है कि कोई भी रत्न बिना किसी एक्सपर्ट की सलाह पर न पहनें। अन्यथा हो सकता है कि यह अशुभता का कारण बनें।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
11 Feb 2023, 1:14 PM IST
Published on:
11 Feb 2023, 1:14 PM IST
बड़ी खबरें
View All



