
शनि को सभी ग्रहों में सबसे विशेष माना जाता है। ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक शनि को मकर और कुंभ राशि का स्वामी माना गया है। जबकि तुला राशि शनि की प्रिय राशि मानी गई है। वहीं अंक ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक मूलांक 8 को शनि का अंक माना गया है। शनि का इस अंक से गहरा नाता है। इस अंक में जन्म लेने वाले लोगों पर शनि की कृपा बनी रहती है। इस लेख में पत्रिका.कॉम आपको बता रहा है, मूलांक 8 के बारे में वह सबकुछ जो आप जानना चाहते हैं। एस्ट्रोलॉजिस्ट और न्यूमेरोलॉजिस्ट अंजना गुप्ता आपको बता रही हैं कैसा होता है आपका स्वभाव, किस क्षेत्र में बनाना चाहिए कॅरियर। साथ ही आपका लकी अंक, रंग, दिन और तारीख भी...
यदि आपका जन्म 8, 17 या 26 तारीख को हुआ है, तो आपका मूलांक 8 होता है। अंक ज्योतिष के मुताबिक यह अंक शनि से प्रभावित होता है। शास्त्र के अनुसार इस मूलांक वालों पर शनि का प्रभाव देखने को मिलता है। इस मूलांक में जन्म लेने वालों पर कर्मफलदाता शनि की कृपा बनी रहती है। ये लोग बेहद परिश्रमी होते हैं, ऐसे लोग अपनी मेहनत से सफलता पाते हैं। ये जीवन में कठोर अनुशासन का पालन करने वाले होते हैं। इन्हें नियम तोडऩे वाले लोग बिल्कुल पसंद नहीं होते।
स्वभाव
मूलांक 8 और भाग्यांक से प्रभावित व्यक्ति बहुत ही रहस्यमयी होते हैं। ये हर विषय पर पूरी गहनता से सोचते और विचारते हैं। साथ ही इन्हें दिखावा बिल्कुल पसंद नहीं होता है। ये लोग जो भी कार्य करते हैं, उसे चुपचाप किसी को बताए बिना ही पूरा कर लेते हैं। ये लोग कर्म पर विश्वास करने वाले होते हैं। ये किसी भी काम को हाथ में लेते हैं तो उसे पूरा किए बिना चैन नहीं लेते। ये अपने आपको हर परिस्थिति में ढाल लेते हैं। इन्हें किसी की भी चापलूसी करना या करवाना पसंद नहीं होता।
कॅरियर
शनि को शास्त्रों में एक न्याय प्रिय ग्रह बताया गया है। इसी कारण शनि को कलियुग का न्यायाधीश या दंडाधिकारी भी कहा जाता है। इस मूलांक के लोग न्याय करने वाले होते हैं। वहीं ये सबको साथ लेकर चलने वाले होते हैं। ये एक अच्छे बिजनेस मैन और बॉस साबित होते हैं। वैसे मूलांक 8 वाले व्यक्तियों को अधिकतर शनि ग्रह से संबंधित व्यापार करना चाहिए। ये लोग इंजीनियर, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, तेल, पेट्रोल पंप, रियल एस्टेट, कंस्ट्रक्शन और लोहे की वस्तुओं से संबंधित चीजों का बिजनेस करें तो इन्हें सफलता जरूर मिलती है।
इनकी खूबियां
- यह कहना गलत नहीं होगा कि ये लोग एक योद्धा होते हैं। वे लक्ष्यों को प्राप्त करने में यकीन करते हैं। चाहे वे कितने भी बड़े हों। जीत हासिल करके यह प्रसन्नता महसूस करते हैं। किसी बड़ी चीज की उपलब्धि उन्हें जीवन में आगे बढऩे की प्रेरणा देती है।
- यदि वे अपने लक्ष्यों को पूरा करने के लिए ये बड़े जुनून के साथ आगे बढ़ते हैं। उस समय यह सबकुछ भूल जाते हैं। बाद में वे उन सब चीजों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं, जिनसे इन्हें सहायता मिली थी। ये लोग देने और लेने की प्रक्रिया में विश्वास करते हैं, और हमेशा अपने आसपास के लोगों की मदद करते हैं।
- इनमेंधैर्य और दृढ़ संकल्प भी होता है। जो सब कुछ हासिल करने के लिए आवश्यक होता है। इनकी सहनशीलता ही इनकी पूंजी होती है।
इन कमियों से खाते हैं मात
- नंबर 8 वाले लोग रिवॉर्ड सिस्टम से जुड़े होते हंै। ये अपने चारो और भौतिकता से भरी हुई चीजों का एक घेरा बना लेते हैं।
- लोग इनके पास अधिकतर अपने काम को पूरा करने के लिए आते हैं। इनका फायदा उठाकर चले जाते हैं। इन लोगों को रुपए-पैसे, दौलत-शोहरत बहुत पसंद होता है।
- नंबर 8 वाले लोग हमेशा यह मानते है कि वो जो कर रहे हैं वो बिलकुल सही है। इसमें कोई कमी या गलती नहीं है।
- ये आदत इन्हें अहंकारी बनाती है।
- इन्हें किसी की राय सुनना पसंद नहीं होता।
- इसीलिए ये लोग दोस्तों और रिश्तों को बहुत जल्दी खो देते हैं।
- ये लोग सफलता के पीछे इतना भागते हैं कि अपने रिश्तों और परिणामों की अनदेखी कर देते हैं।
- सफलता और इनके बीच में जो भी आता है। सबकी अनदेखी करते जाते हैं। यह आदत इनकी बहुत बड़ी कमजोरी होती है।
शुभ रंग
मूलांक 8 के लोगों के लिए हल्का नीला और काला रंग शुभ माना गया है। यदि आप अपने ऑफिस और बेडरूम के पर्दे, बेडशीट और दीवारों के रंग का प्रयोग हल्का नीला या काले करें, तो आपको भाग्य का साथ मिलेगा।
शुभ दिन
मूलांक 8 के लोगों के लिए शनिवार और शुक्रवार का दिन अत्यंत शुभ माना जाता है। इस दिन काम शुरू करने से सकारात्मक परिणाम मिलते हैं।
शुभ तारीख
मूलांक 8 के लिए 8, 17 और 26 तारीख शुभ होती है। इन तारीखों पर ये लोग अपना कोई भी शुभ काम शुरू करें तो परिणाम अच्छे आते हैैं।
दोस्त
मूलांक 8 वालों के लिए मूलांक 3, 4, 5, 7 और 8 वाले लोग अच्छे दोस्त होते हैं। इनकी मूलांक 8 के लोगों से अच्छी पटरी खाती है। इनके मित्रों की संख्या बहुत सीमित होती है। इन्हें ज्यादा दोस्त बनाना पसंद नहीं होता।
करें ये उपाय
आठ अंक वाले लोग कर्म प्रधान होते हैं। भाग्य इनका कई बार साथ नहीं देता। इन लोगों को अपने भाग्य को चमकदार बनाने के लिए प्रत्येक सोमवार भगवान शिव का रुद्राभिषेक करना चाहिए। पक्षियों को दाना डालना चाहिए। काले श्वान को घी लगी रोटी खिलानी चाहिए। शनिवार के दिन शनि देव की उपासना जरूर करें। इसके मंगलवार को हनुमान जी की पूजा करना भी लाभकारी होगा। इस दिन दान आदि का कार्य भी कर सकते हैं।
Updated on:
28 Jan 2023 03:55 pm
Published on:
28 Jan 2023 03:54 pm
