रोली को क्या पता था कि, वो जब परीक्षा देकर घर वापस लौटेगी तो समाज के लिए एक नई मिसाल पेश करेगी। जब भूगोल पेपर की परीक्षा देकर घर लौटी तो दृश्य देख रोली की रूह कांप गई। बीमार पिता अवधराज तिवारी नहीं रहे। उनके कोई पुत्र नहीं था। अब उनका अंतिम संस्कार कौन करेगा। इस सवाल को धता बताते हुए तीनों बेटियों ने एक नई मिसाल कायम की। जिसने भी सुन, उसी ने बेटियों के साहस को सैल्यूट किया। बेटियों ने पुरानी मान्यता को तोड़ते हुए पिता की अर्थी को न केवल कंधा दिया, बल्कि श्मशान तक जाकर मुखाग्नि दी और अंतिम संस्कार किया। अंतिम संस्कार में बेटियों के समर्थन में जनसैलाब उमड़ पड़ा।