
तीन बायपास हेलमेट जोन घोषित (Photo Patrika)
CG News: पुलिस विभाग ने जिले में बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और लोगों में यातायात जागरूकता के लिए बलौदा बाजार शहर पहुंच तीन प्रमुख बायपास चौक को हेलमेट जोन घोषित किया किया है। जिले में पहली बार किसी क्षेत्र को हेलमेट जोन घोषित किया गया है। पुलिस विभाग ने डोटोपार, रिसदा एवं संकरी बाईपास को हेलमेट जोन घोषित किया है।
जिले में सुगम एवं सुरक्षित यातायात, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं इस दौरान जान माल की सुरक्षा हेतु पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के कुशल निर्देशन में लगातार नए उपायों को अमल में लाया जा रहा है। साथ ही यातायात नियमों की जानकारी देने हेतु लोगों के मध्य लगातार जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 01 जून को बलौदा बाजार नगर पहुंच तीन प्रमुख बाईपास चौक क्षेत्र को हेलमेट जोन घोषित किया गया है। जिले के रिसदा बाईपास, डोटोपार बाईपास और संकरी बाईपास तीनों क्षेत्र को हेलमेट जोन घोषित किया गया है।
हेलमेट जोन घोषित करने का मुख्य उद्देश्य दोपहिया वाहन चालकों में हेलमेट के प्रति जागरूकता लाना और सड़क दुर्घटना आदि की स्थिति में जान माल की सुरक्षा करना है। डोटोपार, रिसदा एवं संकरी बाइपास तीनों क्षेत्र में हेलमेट जोन घोषित होने से उक्त स्थलों में दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट लगाना अनिवार्य होगा। ऐसा नहीं करते पाए जाने पर उन पर जुर्माना एवं कानूनी कार्यवाही भी की जाएगी।
जिला बलौदा बाजार-भाटापारा पुलिस ने जिलेवासियों से अपील करते हुए सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस का सदैव सहयोग करने एवं दुपहिया वाहन चालक सदैव हेलमेट धारण करने की बात कही है।
Updated on:
02 Jun 2025 12:18 pm
Published on:
02 Jun 2025 12:18 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
